CG Employee News: फेडरेशन की मांग, नवा रायपुर में ही मेडिकल बिल पारित करने की मिले सुविधा…

CG Employee News: रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने नवा रायपुर (अटल नगर) स्थित विभिन्न शासकीय कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से उठाते हुए संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं, छत्तीसगढ़ शासन को पत्र प्रेषित किया है।
फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि वर्तमान में नवा रायपुर में कार्यरत शासकीय सेवकों को मेडिकल बिल पारित कराने हेतु जिला चिकित्सालय, रायपुर जाना पड़ता है, जो कि काफी दूर स्थित है। कार्यालयीन समय में वहां तक आवागमन करना कर्मचारियों के लिए अत्यंत कठिन एवं समयसाध्य है, जिससे शासकीय कार्य भी प्रभावित होता है।
फेडरेशन ने यह भी बताया कि इस व्यवस्था के कारण कर्मचारियों को अनावश्यक मानसिक एवं शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जो कि कर्मचारी हितों के विपरीत है।
फेडरेशन ने संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं से मांग की है कि नवा रायपुर स्थित किसी शासकीय चिकित्सक अथवा चिकित्सालय को मेडिकल बिल पारित करने हेतु अधिकृत किया जाए, ताकि कर्मचारियों को स्थानीय स्तर पर ही सुविधा उपलब्ध हो सके।
फेडरेशन ने आशा व्यक्त की है कि शासन इस मांग पर संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक आदेश जारी करेगा, जिससे कर्मचारियों को राहत मिलेगी एवं शासकीय कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकेंगे।
