CG News: दिवाली की रात खूनी संघर्ष: कबरा हाथी ने दो ग्रामीणों को कुचला, 6 महीने में 14 की बलि; दहशत में पूरा इलाका

CG News: दिवाली की रात खूनी संघर्ष: कबरा हाथी ने दो ग्रामीणों को कुचला, 6 महीने में 14 की बलि; दहशत में पूरा इलाका

CG News: सूरजपुर। रोशनी और उल्लास के पर्व दिवाली की रात छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में मौत का तांडव देखने को मिला। प्रतापपुर वन परिक्षेत्र में जंगली हाथियों के तांडव ने दो अलग-अलग गांवों में दो परिवारों की खुशियों को हमेशा के लिए छीन लिया। इन हमलों में जान गंवाने वालों में एक ग्रामीण धान की रखवाली कर रहा था, तो दूसरा दिवाली के जश्न में शामिल होने जा रहा था। इस खौफनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

केस-1: खेत में फसल की रखवाली कर रहे किसान को कुचला

पहली घटना सूरजपुर वन परिक्षेत्र के सलका बीट के अंतर्गत ग्राम पंचायत सोनपुर के पण्डोपारा की है। 40 वर्षीय मट्टूलाल अपने घर के पास स्थित खेत में धान की फसल की रखवाली कर रहा था। इसी दौरान जंगली हाथी वहां आ धमका और मट्टूलाल को संभलने का मौका तक नहीं दिया। हाथी ने उसे बेरहमी से कुचलकर मार डाला। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।

केस-2: कार्यक्रम में जा रहे ग्रामीण की दर्दनाक मौत

घटना प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के सकलपुर गांव की है। पिछले कुछ दिनों से आतंक का पर्याय बने कबरा हाथी ने एक बार फिर कहर बरपाया है। जानकारी के मुताबिक, 8 नवंबर की रात करीब 11 बजे श्यामनगर निवासी कृष्णा रजवाड़े (42) पगडंडी रास्ते से दिवाली के एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में उनका सामना इसी खूंखार हाथी से हो गया। हाथी के हमले से वह बच नहीं सके और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। वन विभाग की टीम लगातार मुनादी कर रही थी, लेकिन हाथी के अचानक सामने आ जाने से यह अनहोनी टल न सकी।

कबरा हाथी का आतंक: 6 महीने में 14 मौतें!

स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले एक हफ्ते में कबरा हाथी द्वारा हमला किए जाने की यह तीसरी बड़ी घटना है। अकेले इसी हाथी ने पिछले 6 महीनों के भीतर 14 लोगों की जान ले ली है। सरगुजा-सूरजपुर सीमा पर भी पिछले दिनों इसी तरह के हमलों में मौतें हो चुकी हैं। लगातार बढ़ती इन घटनाओं से गुस्साए ग्रामीणों ने अब मांग की है कि इस खूंखार हाथी को तुरंत ट्रेंकुलाइज कर किसी सुरक्षित रेस्क्यू सेंटर में बंद किया जाए, ताकि इंसानी जिंदगियों को बचाया जा सके।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *