Raipur News: रायपुर में दो युवतियों को गोली मारकर उतारा मौत के घाट, डबल मर्डर से मचा हड़कंप…

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मंगलवार की देर रात मोवा इलाके में गोली मारकर दो बहनों की हत्या कर दी गई। घटना को मृतकों के जीजा ने अंजाम दिया। गोली चलने की सूचना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, ये पूरा मामला मोवा थाना क्षेत्र का है। मंगलवार की देर रात मोवा मेन रोड, अपोलो हॉस्पिटल के बगल वाली गली स्थित जितेंद्र वर्मा के मकान में गोली चली। आसपास के लोगों को जब एक के बाद एक गोली चलने की आवाज सुनाई दी तो उन्होंने तत्काल इसकी सूचना मोवा थाना पुलिस को दी।
पुलिस मामले में घटना स्थल पर पहुंची। इस दौरान घर के अंदर खून से लथपथ दो लाश मिली। दोनों की पहचान दुर्गेश्वरी और गीतांजलि के रूप में की गई। वहीं घटनास्थल पर मौजूद एक संदिग्ध को पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल भी बरामद किया गया। आरोपी ने अपना नाम जितेंद्र वर्मा बताया।
पुलिस ने जितेंद्र से पूछताछ की तो उसने लाइसेंसी पिस्टल से दोनों युवतियों को गोली मारने की बात स्वीकार की। आरोपी ने पुलिस को बताया कि दोनों युवतियां उसकी साली थी। पारिवारिक विवाद के चलते आरोपी ने दोनों साली को गोली मारने की बात स्वीकार की।
फिलहाल आरोपी ने परिवार विवाद क्या था इसके बारे में अभी स्पष्ट रूप से पुलिस को नहीं बताया है। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ कर रही है।
वहीं, देर रात गोलीकांड की घटना के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस मामले में आगे की जांच करवाई कर रही है।

