CG-PSC चेयरमैन के लिए एक रिटायर IAS और एक वर्तमान IAS की दावेदारी प्रबल, पलड़ा रिटायर आईएएस का भारी, जल्द निकलेगा आदेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग याने सीजी पीएससी के चेयरमैन का पद पिछले करीब ढाई महीने से खाली है। रिटायर आईएएस रीता शांडिल्य को बीजेपी सरकार ने चेयरमैन बनाया था। उनका कार्यकाल समाप्त हो चुका है। चेयरमैन न होने से गजटेड अफसरों का प्रमोशन रुक गया है। पिछले दिनों कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने इसको लेकर सरकार को ज्ञापन भी सौंपा था। फेडरेशन ने ध्यान आकृष्ट किया था कि चेयरमैन न होने से अधिकारियों का प्रमोशन रुक गया है।
जैसा की पता चला है, राज्य सरकार इसी हफ्ते नए पीएससी चेयरमैन का आदेश जारी कर देगी। इसके लिए दो नाम प्रमुखता से चर्चा में है। पहला, रायपुर संभाग से इसी साल मई में रिटायर हुए महादेव कांवड़े का और दूसरा सरगुजा संभाग के कमिश्नर नरेंद्र दुग्गे का। वैसे पलड़ा महादेव कांवड़े का भारी लग रहा है। वे जशपुर समेत कई जिलों के कलेक्टर रह चुके हैं। लंबे समय तक आरडीए सीईओ रहे। पोस्टिंग के मामले में महादेव कांवड़े किस्मती रहे हैं। रमन सरकार में भी उन्हें ठीकठाक पोस्टिंग मिलती रही तो पिछली कांग्रेस सरकार में भी वे जशपुर के कलेक्टर रहे। दिसंबर 2023 में बीजेपी की सरकार आई तो इसमें भी उन्हें कोई दिक्कत नहीं हुई। वे रायपुर के साथ दुर्ग संभाग के कमिश्नर रहे। इसके साथ उन्हें कुशाभाउ पत्रकारिता विश्वविद्यालय के कुलपति का प्रभार भी लंबे समय तक रहा। महादेव कांवडे बैलेंस अधिकारी माने जाते हैं।
दूसरा नाम है सरगुजा संभाग के कमिश्नर नरेंद्र दुग्गे का। नरेंद्र का जुलाई 2027 में रिटायरमेंट है। सामाजिक समीकरणों के हिसाब से बीजेपी को दोनों नामों में कोई आपत्ति नहीं होगी। वोट बैंक की दृष्टि से भी दोनों का अपना महत्व है। फिर अधिकारिक सूत्रों का कहना है, पीएससी चेयरमैन की दौड़ में महादेव कांवड़े आगे हैं और अत्यधिक संभावना है कि उनके नाम पर मुहर लगेगा अंतिम समय में अगर कुछ बदल गया तो बात अलग है।
जानिये कौन हैं महादेव कांवड़े
महादेव कावरे (IAS) छत्तीसगढ़ कैडर के 2008 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं।
* जन्म: 18 मई 1966
* कैडर और बैच: छत्तीसगढ़ कैडर, 2008 बैच
* शैक्षणिक योग्यता: मैकेनिकल इंजीनियरिंग में B.E. और डिजाइन इंजीनियरिंग में M.Tech।
प्रमुख पद: कलेक्टर दो जिलों के (बेमेतरा, जशपुर) के रहे हैं। वे दुर्ग संभाग के संभागीय आयुक्त, आवास व पर्यावरण तथा वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग के विशेष सचिव (स्वतंत्र प्रभार) और रायपुर संभाग के संभागायुक्त जैसे पदों पर भी रह चुके हैं।

