CG बच्चा खरीद-फरोख्त का भंडाफोड़: गर्भवती को मुफ्त इलाज का झांसा देकर रायपुर में बनाया बंधक, फिर प्रसव के बाद नवजात को बेचने की तैयारी, 3 गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में नवजात शिशु की खरीद-परोख्त का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने नवजात शिशु को बेचने की कोशिश कर रही तीन शातिर महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
इन तीनों महिलाओं ने ओडिशा की एक गर्भवती महिला को रायपुर में निःशुल्क प्रसव और इलाज का लालच देकर यहां बुलाया था। शहर के एक निजी अस्पताल में महिला का प्रसव कराने के बाद, आरोपी महिलाएं जच्चा-बच्चा को अपने साथ एक मकान में ले गईं, जहां पीड़िता को बंधक बनाकर रखा गया था।
वे इस नवजात शिशु को बेचने की फिराक में थीं। इसी दौरान, पीड़िता किसी तरह आरोपियों के चंगुल से भागकर सीधे थाने पहुंची और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और तीनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे मामले का खुलासा किया है।
जानिए पूरी कहानी
जानकारी के मुताबिक, प्रार्थिया निवासी सुंदरगढ़ (ओडिशा) ने थाना आजाद चौक में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गर्भावस्था के दौरान उसका संपर्क रायपुर निवासी कृतिका साहू से हुआ, जिसने निःशुल्क प्रसव व उपचार कराने का झांसा देकर उसे रायपुर बुलाया।
रायपुर आने पर कृतिका ने उसकी मुलाकात गीतिका व अहिल्या से कराई और उसे गोगांव स्थित अहिल्या के घर में ठहरा दिया। तीनों महिलाओं द्वारा प्रार्थिया की आर्थिक स्थिति का फायदा उठाकर उसके नवजात शिशु को किसी निःसंतान दंपत्ति को बेचने के बदले मोटी रकम दिलाने का लालच दिया गया।
नवजात समेत माँ को बनाया बंधक
प्रार्थिया के मना करने पर उसे डराया-धमकाया और 4 नवम्बर 2026 को प्रसव के पश्चात नवजात शिशु सहित उसे फिर से अहिल्या के घर ले जाकर बंधक बनाकर रखे। आरोपियों द्वारा उसे धमकी दी गई कि प्रसव में हुए खर्च की भरपाई उसके बच्चे को बेचकर की जाएगी। कृतिका, गीतिका और अहिल्या ने षड्यंत्रपूर्वक उसे रायपुर बुलाया और उसके नवजात शिशु को बेचने की नियत से बंधक बनाकर रखे थे। साथ ही उसकी बिना अनुमति के बच्चे को बेचने की कोशिश कर रहे थे।
प्रार्थिया जैसे तैसे आरोपियों के चंगुल से खुद को मुक्त कर सीधे थाने पहुंची और इसकी शिकायत दर्ज करवाई। पीडिता की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ थाना आजाद चौक में धारा 140(3), 143(4), 318(4), 61 बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी रॉबिन्सन गुड़िया ने थाना प्रभारी आजाद चौक को आरोपियों की शीघ्र तलाश कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए। थाना आजाद चौक पुलिस की टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए प्रकरण में संलिप्त महिला आरोपी कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव व गीतिका नाग को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से प्रकरण के संबंध में पूछताछ की जा रही है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों द्वारा अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में भी संलिप्तता के संबंध में जानकारी दी गई है। इस महत्वपूर्ण पहलू को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर उनके नेटवर्क, अन्य संलिप्त व्यक्तियों व पूर्व में की गई घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही, इस अवैध गतिविधि से जुड़े अन्य संभावित व्यक्तियों की पतासाजी की जा रही है। जाँच के दौरान जिस किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार महिला आरोपी
01. कृतिका साहू पति स्व. सुमित कुमार साहू उम्र 34 साल निवासी आमापारा रामकुण्ड थाना आजाद चौक रायपुर।
02. अहिल्या नामदेव पिता दीपक नामदेव उम्र 40 साल निवासी सीतानगर गोगांव थाना गुढियारी जिला रायपुर।
03. गीतिका नाग पति चिंतामणी नाग उम्र 36 साल निवासी स्टोर पारा पुरैना भिलाई 03 थाना भिलाई 03 जिला दुर्ग

