CG नौकरी के नाम पर दुष्कर्म, नशीला पदार्थ पिलाया, फिर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करने लगा ब्लैकमेल, विरोध करने पर मारपीट…

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर रेप की घटना सामने आई है। पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया। साथ ही अश्लील वीडियो रिकाॅर्ड कर वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल किया। आरोपी की हरकत से परेशान पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर इसकी शिकायत पुलिस से की, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी का नाम भरत भूषण मेश्राम है।
जानिए पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 13 अक्टूबर को डोंगरगढ़ थाने में उपस्थित होकर आरोपी भरत भूषण मेश्राम के खिलाफ लिखित आवेदन दिया था। आवेदन में प्रार्थिया ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, नशीला पदार्थ देकर आरोपी ने कई बार उसका यौन उत्पीड़न भी किया।
पीड़िता जब विरोध करती थी तो आरोपी उसके साथ मारपीट कर जान से मारने और अश्लील फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी देता था। प्रार्थिया की शिकायत पर आरोपी भरत भूषण मेश्राम के खिलाफ धारा 64(2)(m), 296, 351(3), 115(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जाँच में लिया गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी राजनांदगांव अंकिता शर्मा के निर्देश पर थाना प्रभारी रामेश्वर प्रसाद देशमुख द्वारा पुलिस स्टाफ के साथ आरोपी भरत भूषण मेश्राम को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जाँच के दौरान आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत पाए जाने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।

