Raipur News: कातिल जीजा बोला, हां मैने सास के सामने दोनों सालियों को गोली मारी, जानिए पूरा खुलासा…

Raipur News: रायपुर। पंडरी मोवा क्षेत्र में डबल मर्डर मामले में आरोपी ने चौकाने वाला खुलासा किया है। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में कबूल किया है कि उसी ने ही दोनों सालियों को लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारी थी। आरोपी ने पुलिस को बताया कि विवाद के बाद से उसकी पत्नी अपने मायके में रह रही थी। डेढ़ साल की बच्ची से मिलने के लिए जब भी वो ससुराल जाता था तो उसकी सास और दोनों सालियों के द्वारा घर पर कोई नहीं है कहकर मिलने नहीं दिया जाता था। इस बात से वो काफी परेशान हो गया था।
घटना वाले दिन लाइसेंसी पिस्टल लेकर ससुराल पहुंचा और पत्नी व बच्ची से मिलने की जिद्द करने लगा, जब उसे मिलने नहीं दिया गया तो गुस्से में दोनों सालियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दिया।
जानिए पूरी कहानी
दरअसल, सावित्री वर्मा की बेटी ज्योति वर्मा उर्फ खिलेश्वरी का विवाह 2020 में जितेन्द्र कुमार वर्मा निवासी मोवा से सामाजिक रीति-रिवाज के साथ हुआ था। दोनों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था, जिसके कारण ज्योति वर्मा पिछले 20-25 दिनों से अपनी मां के साथ पंडरी में रह रही थी। दोनों की डेढ़ वर्ष की बेटी भी है।
5 मई की रात 10ः30 बजे जितेन्द्र वर्मा अपने ससुराल पहुंचा और पत्नी व बच्ची से मिलने की जिद्द करने लगा। घर में मौजूद सालियों ने बहन और बच्ची के घर में नहीं होने की बात कहते हुए जीजा को वहां से जाने को कहा। इसके बाद आरोपी जीतेन्द्र वर्मा अपनी बच्ची से वीडियो कॉल पर बात कराने को कहा। सास और साली गीतांजली ने जीतेन्द्र को सुबह आने पर बात कराने की बात कही।
इस बात से जितेन्द्र भड़क उठा और अपने पैंट के जेब से बंदूक निकालकर बुलेट को जमीन पर बिखेर दिया। इतना ही नहीं जान से मारने की धमकी देते हुए फायर कर दिया। गोली लगते ही गीताजंली जमीन पर गिर गई और उसके शरीर से खून बहाने लगा।
बेटी को गोली लगते ही सास वहां से बाहर भागी और पड़ोसी किरायेदार को आवाज लगाने लगी। आवाज को सुनकर उसकी छोटी बेटी दुर्गेश्वरी जो छत में थी वो नीचे आई। दरवाजा के पास जैसे ही पहुंची तो आरोपी ने उसे भी गोली मार दी। दुर्गेश्वरी भी खून से लथपथ दरवाजे के पास गिर गई।
दोनों बेटियों को गोली लगाने के बाद सास जोर-जोर से बचाओ बचाओ चिल्लाने लगी। आसपास के लोग आवाज सुनकर मौके पर इकट्ठा हुए, जिन्हें देखकर जितेन्द्र भाग निकला।
पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल दोनों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान गीतांजली वर्मा, दुर्गेश्वरी वर्मा की मौत हो गई। पीडिता सास की रिपोर्ट पर आरोपी जितेन्द्र वर्मा के विरूद्ध थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 119/26 धारा 109 बीएनएस एवं 25 आर्म्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया तथा एमएलसी सूचना के आधार पर प्रकरण में धारा 103 बीएनएस जोडी गयी।
घटना की सूचना पर पंडरी पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम द्वारा घटना एवं आरोपी के संबंध में संबंधित व्यक्तियों से जानकारी प्राप्त कर पूछताछ की गई। साथ ही आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लायसेंसी पिस्टल व जिंदा कारतूस जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
जितेन्द्र कुमार वर्मा पिता दिनेश वर्मा उम्र 32 वर्ष निवासी पाल इलेक्ट्रिकल के पास मोवा थाना पंडरी रायपुर।

