CG News: VIDEO में देखिए मालगाड़ी की चपेट में आया हाथी, गंभीर रूप से घायल, पांच हाथियों का दल मौके पर मौजूद

फाइल फोटो
रायगढ़। घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के चारमार गांव के समीप सोमवार को एक जंगली हाथी मालगाड़ी की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल हाथी के एक पैर में गहरी चोट आई है तथा शरीर से रक्तस्राव होने की जानकारी सामने आई है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और हाथी मित्र दल के सदस्य मौके के लिए रवाना हो गए।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद घायल हाथी रेलवे ट्रैक के आसपास ही मौजूद रहा, जबकि उसके साथ पांच अन्य हाथियों का दल भी क्षेत्र में डटा हुआ है। हाथियों की मौजूदगी के कारण आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल की ओर पहुंचने लगे, चूंकि हाथी का दल उसी क्षेत्र में है जिसके चलते वन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घायल हाथी की लगातार निगरानी की जा रही है। विभाग के अधिकारियों ने नईदुनिया से चर्चा में बताएं कि विशेषज्ञ टीम मौके के लिए रवाना हो चुकी है, जो स्थिति का आकलन कर उपचार की व्यवस्था व अन्य कार्य को पूरा करेगी। वहीं, हाथियों के झुंड के आसपास मौजूद रहने के कारण रेस्क्यू और उपचार कार्य चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे घटनास्थल के पास भीड़ न लगाएं और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। जंगली हाथियों का व्यवहार किसी भी समय आक्रामक हो सकता है, इसलिए सतर्कता जरूरी है।
छह महीने में 10 हाथी शावकों की मौत
रायगढ़ धर्मजयगढ़ दोनो वन मंडल में पिछले छह माह के दौरान करीब 10 हाथी शावकों की मौत हो चुकी है। ऐसे में चारमार के पास मालगाड़ी की चपेट में आए हाथी की घटना ने वन्यजीव संरक्षण को लेकर नई चिंता खड़ी कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त हाथी अवयस्क है। हालांकि इसकी पुष्टि वन विभाग की जांच और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद ही हो सकेगी। लगातार हो रही हाथियों की मौतें मानव-वन्यजीव संघर्ष और रेल मार्गों पर वन्यजीव सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर रही हैं।
घटना हुई है। हाथी घायल है, जिसे देखते हुए वन्य प्राणी चिकित्सक डा. पीके चंदन को साथ लेकर मैं स्वंय रात में ही बिलासपुर से घटनास्थल के लिए रवाना हुआ हूं। अभी तक मिली प्रारंभिक सूचना के अनुसार हाथी के पिछले हिस्से में गंभीर चोट है, जिसके कारण वह रेलवे ट्रैक के किनारे गिर गया है। रायगढ़ वनमंडल के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद ही विस्तृत जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।
मनोज पांडेय
सीसीएफ, बिलासपुर वनवृत्त

