CG News: एक्शन में कलेक्टर: मलेरिया की रोकथाम के लिए जिला स्तरीय अफसरों को उतारा फील्ड में, खुद कर रहे मॉनिटरिंग

CG News: मुंगेली। छत्तीसगढ़ मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड अंतर्गत अचानकमार टाइगर रिजर्व ATR क्षेत्र के गांवों में मलेरिया के बढ़ते प्रकोप को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर कुन्दन कुमार के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने व्यापक स्तर पर नियंत्रण एवं उपचार अभियान शुरू कर दिया है।
मलेरिया की रोकथाम, समय पर उपचार और प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य अधिकारियों की संयुक्त टीमें प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रही हैं।
एडीएम निष्ठा पाण्डेय तिवारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गोकुल रावटे तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तिलईडबरा, बहाउड़, सारसडोल, जमुनाही, अतरियाखार एवं राजक गांवों का निरीक्षण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं, सर्वे कार्य एवं उपचार व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी मलेरिया पीड़ित मरीजों को राहत एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, कुछ मरीजों को स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कर आवश्यकतानुसार उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। मरीजों की स्वास्थ्य जांच तथा उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि उन्हें शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिल सके।
स्वास्थ्य विभाग चला रहा विशेष निगरानी अभियान
प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष स्वास्थ्य प्रबंधन एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य टीमों एवं मितानिनों के माध्यम से घर-घर पहुंचकर बुखार से पीड़ित लोगों की पहचान की जा रही है तथा संदिग्ध मरीजों की तत्काल जांच की जा रही है।
सभी प्रभावित गांवों में आरडी (रैपिड डायग्नोस्टिक) किट एवं आवश्यक मलेरिया रोधी दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध कराया गया है। यह सामग्री मितानिनों एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के पास उपलब्ध है, जिससे किसी भी संदिग्ध मरीज की मौके पर जांच कर तत्काल उपचार शुरू किया जा सके।
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि मलेरिया नियंत्रण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की सतत निगरानी की जा रही है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी एवं स्वास्थ्य अमला पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहे हैं, ताकि प्रत्येक मरीज को समय पर उपचार मिले और मलेरिया का प्रसार पूरी तरह रोका जा सके।
जिला स्तरीय अधिकारियों को कलेक्टरने उतारा फील्ड में
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिले के सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को फील्ड में उतरकर प्रभावित क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करने, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार त्वरित सहायता उपलब्ध करानेने के निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ये दे रही सलाह
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लगातार ग्रामीणों को पूरे बांह के कपड़े पहनने, नियमित रूप से मच्छरदानी का उपयोग करने, घर एवं आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, गर्म एवं ताजा भोजन करने तथा उबला या सुरक्षित पानी पीने की सलाह दी जा रही है।
मलेरिया के साथ-साथ अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम एवं प्रभावी प्रबंधन के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों की सतत निगरानी की जा रही है तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

