CG News: ई-केवाईसी ने अटकाया रोड़ा: 80 हजार घरों की रसोई में आया बड़ा संकट: रसोई गैस कनेक्शन ब्लॉक, रिफिल बुकिंग सिस्टम आधी रात हुआ बंद!

CG News: बिलासपुर। ई-केवाईसी नहीं कराने वाले LPG उपभोक्ता 1 अक्टूबर से गैस सिलेंडर की बुकिंग नहीं कर पाएंगे। उनकी रिफिल बुकिंग सुविधा आज से ब्लॉक कर दी गई है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और सामान्य, दोनों तरह के उपभोक्ताओं पर यह बंदिशें लागू कर दी गई है।
छत्तीसगढ़ बिलासपुर जिले के आंकड़ों पर नजर डालें तो जिले में तकरीबन 4 लाख 83 हजार एलपीजी कनेक्शनधारक हैं। इंडियन ऑयल IOC के 1 लाख 80 हजार, एचपीसीएल HPCL के 1 लाख 52 हजार और बीपीसीएल BPCL के 1 लाख 51 हजार कनेक्शन शामिल हैं। इनमें से 4 लाख 3 हजार कनेक्शनों का ई-केवाईसी पूरा हो चुका है।
करीब 80 हजार कनेक्शनों का ई-केवाईसी अब भी नहीं हो पाया है। सत्यापन पूरा होते ही सब्सिडी दर पर बुकिंग फिर शुरू हो जाएगी। इंडेन मंडल कार्यालय, रायपुर के मंडल एलपीजी विक्रय प्रमुख मोहम्मद आमीन ने बताया कि बिलासपुर जिले में करीब 80.44% एलपीजी उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है।
आधी रात कैंसिल हुआ रिफिल बुकिंग सिस्टम
इंडियन ऑयल के डिविजनल एलपीजी सेल्स हेड मोहम्मद आमीन ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं का ई-केवाईसी हो चुका है, उनके सिलेंडर की डिलीवरी सामान्य रूप से होती रहेगी। जिनकी ई-केवाईसी पूरी नहीं हुई है, उनकी 30 सितंबर की रात 12 बजे तक की रिफिल बुकिंग सिस्टम से स्वतः कैंसिल हो जाएगी।
ई-केवाईसी नहीं कराने वाले सामान्य उपभोक्ताओं की 14.2 किलो रिफिल बुकिंग ब्लॉक होगी। हालांकि, उनके पास बाजार दर पर 5 और 10 किलो के सिलेंडर का नया कनेक्शन लेने का विकल्प रहेगा। यह कनेक्शन उनके मौजूदा एलपीजी आईडी में ही जारी किया जाएगा। इसके लिए उपभोक्ता की स्वीकृति जरूरी होगी।
पीएम उज्ज्वला उपभोक्ताओं को न सिलेंडर न सब्सिडी, न नया कनेक्शन मिलेगा
पीएम उज्ज्वला योजना के जिन उपभोक्ताओं ने ई-केवाईसी नहीं कराई है, उन्हें 1 अक्टूबर से रिफिल सिलेंडर बुक करने की सुविधा नहीं मिलेगी। साथ ही सब्सिडी का लाभऔर 5 व 10 किलो के बाजार दर वाले सिलेंडर का नया कनेक्शन लेने का विकल्प भी नहीं मिलेगा।

