बड़ी खबर: क्या स्मृति हुईं नाराज? मंत्रियों को क्यों पड़ गई डांट!!! मंच पर आगे से पीछे बैठने कहा

रायगढ़। 15 नवंबर 2026| भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर रविवार को धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। इस भव्य आयोजन के दौरान एक ऐसा वाकया हुआ जिसने सबका ध्यान खींच लिया। सभा स्थल पर अगली पंक्तियों में बैठे मंत्रियों को प्रदेश भाजपा प्रभारी स्मृति ईरानी ने खुद खड़े होकर उठा दिया और वहां पर आदिवासी समाज के प्रमुखों और प्रतिष्ठित लोगों को बैठने के लिए जगह बनाने को कहा।
इसके बाद से सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज हो गईं कि क्या स्मृति ईरानी नाराज हो गईं? मंत्रियों को वहां से क्यों हटाया गया और नाम पुकारे जाने के बाद भी उनका भाषण क्यों नहीं हुआ? क्या वे लो प्रोफाइल होकर काम करना चाह रही हैं? राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह वीवीआईपी संस्कृति से दूर रहकर जनजातीय समाज को सर्वोच्च सम्मान देने और सादगीपूर्ण तरीके से कार्य करने की उनकी शैली का हिस्सा था, जिसके चलते उन्होंने मंच व्यवस्था में यह बदलाव कराया।
सीएम साय की थपथपाई गई पीठ
इस बीच, घने कोहरे के कारण जिंदल एयरपोर्ट पर हेलीकॉप्टर लैंड न होने से मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य नितिन नवीन वर्चुअल माध्यम से जुड़े। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पीएम मोदी के संकल्प और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद और जनजातीय समाज को बांटने वाले नक्सलियों के खिलाफ अभियान सफल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी यहां वर्चुअली सुना गया। सभा में जनजातीय समाज के हित में लिए गए संकल्पों को दोहराते हुए भाजपा अध्यक्ष ने छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय और ओडिशा के सीएम मोहन चरण मांझी की पीठ थपथपाई।
ये थे मंत्री मौजूद
समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, कृषि मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल और कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब उपस्थित थे। चर्चा है कि गजेंद्र यादव के साथ जितने मंत्री बैठे थे, उन्हें पीछे कर दिया गया।

