CG: शोएब ढेबर फरार, इधर दो कांस्टेबल लाइन अटैच, आरोपी की तलाश में पुलिस की छापेमारी…

CG: रायपुर। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ की रंगदारी मामले में आरोपी शोएब ढेबर फरार है, जिसकी तलाश पुलिस और क्राइम की टीम कर रही है। इधर, कमिश्नरेट पुलिस ने दो आरक्षकों को लाइन अटैच कर दिया है। जारी आदेश में तेलीबांधा थाना और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के कांस्टेबल का नाम शामिल है।
दोनों पर लापरवाही का आरोप है। हालांकि अभी लापरवाही के स्पष्ट कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। वहीं, दोनों कांस्टेबल के लाइन अटैच का आदेश कमिश्नरेट पुलिस ने जारी किया है।
डीसीपी मध्य क्षेत्र तारकेश्वर पटेल द्वारा जारी आदेश में लिखा गया हैं कि ”थाना तेलीबांधा में पदस्थ आरक्षक 733 अजीत कुमार गुप्ता को तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र रायपुर सम्बद्ध किया जाता है।”
क्राइम एवं साइबर डीसीपी स्मृतिक राजनाला द्वारा जारी आदेश में लिखा गया हैं कि ”आरक्षक शिवम द्विवेदी एंटी क्राइम साइबर यूनिट को प्रशासनिक कारणों से तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र पुलिस कमिश्नरेट रायपुर वापस किया जाता है।”
जानिए पूरा मामला
मालूम हो कि कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ की रंगदारी मामले में शोएब ढेबर को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन उसे कोर्ट से जमानत मिल गई थी।
शोएब को जमानत मिलने के बाद रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने फिर से गिरफ्तारी की अनुमति कोर्ट से मांगी थी। मंगलवार 29 सितंबर को कोर्ट ने सुनवाई करते हुए शोएब को फिर से गिरफ्तार करने की अनुमति दी।
अनुमति मिलने के बाद से पुलिस ने शोएब के पाम बेलाजिओ स्थित ठिकाने, बैरन बाजार और पारिवारिक आवास समेत करीब आधा दर्जन ठिकानों पर दबिश दी। लेकिन, वो पुलिस के हाथ नहीं लगा। उसकी दूसरे राज्य भागने की आशंका को देखते हुए संभावित ठिकानों और संपर्कों पर भी नजर रखी जा रही है।
जानिए क्या है पूरा मामला
दरअसल, कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को पिछले दिनों अज्ञात नंबर से धमकी भरा काॅल आया था। फोन करने वाले ने खुद को लाॅरेंस बिश्नोई गैंग का बताया और रंगदारी की मांग करने लगा। आनंद कुकरेजा ने तत्काल इसकी शिकायत तेलीबांधा थाने में दर्ज करवाई। ACCU और तेलीबांधा पुलिस ने भी कार्रवाई करते हुए जांजगीर चांपा निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया था।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने शोएब ढेबर का नाम उगला। शोएब ढेबर ही युवक से फोन करवाता था। इस जानकारी के बाद शनिवार (26 सितंबर) की देर रात ACCU की टीम और तेलीबांधा पुलिस ने शोएब ढेबर को गिरफ्तार किया कर कोर्ट में पेश किया था, जिसके बाद शोएब को जमानत मिल गई थी। जमानत के बाद से शोएब ढेबर फरार चल रहा है।

