पुलिस बीट सिस्टम और SSP का कैश रिवार्ड: छत्तीसगढ़ के इस जिले के एसएसपी के नवाचार की होने लगी चर्चा…

पुलिस बीट सिस्टम और SSP का कैश रिवार्ड: छत्तीसगढ़ के इस जिले के एसएसपी के नवाचार की होने लगी चर्चा…

इमेज सोर्स- NPG News

बिलासपुर।22 अप्रैल 2026| पुलिस थानों और बीट प्रभारी पुलिस के अधिकारी व जवानों के हाथों में डंडा के बजाय डिजिटल डेटा नजर आने लगा है। छत्तीसगढ़ बिलासपुर जिले के एसएसपी रजनेश सिंह के नवाचार की अब पूरे छत्तीसगढ़ में चर्चा होने लगी है। न्यायधानी बिलासपुर में पुलिस बीट सिस्टम लागू होने से लोगों में सुरक्षा का भाव आया है, खास बात ये कि ड्रग पैडलर्स से लेकर गांजा और शराब के धंधे में शामिल अपराधियों की धरपकड़ भी तेज हुई है। अपराधी जेल की हवा खाएंगे तो मोहल्लों में शांति रहना स्वाभाविक है। बीट सिस्टम में अच्छा काम करने वाले कांस्टेबलों को एसएसपी ने कैश रिवार्ड दिया है।

पुलिस के जेब में पड़े मोबाइल में अपराधियों की पूरी कुंडली है। यही कारण है, बीट सिस्टम लागू होने के बाद पुलिस मेन-टू-मेन का मार्किंग कर रही है। इससे अपराधी चाहकर भी अपनी पहचान नहीं छिपा पा रहे हैं। पुलिस ने बीट सिस्टम को इतना हाईटेक और व्यवस्थित कर दिया है, बीट आरक्षक के पास मोहल्ले के एक-एक घर, वहां रहने वाले किराएदारों, मुसाफिरों और पुराने दागियों का पूरी कुंडली मौजूद है। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर फरवरी से लागू हुई अपनी तरह की नई व्यवस्था के बाद से पुलिस को कई छोटी बड़ी सफलताएं मिली है। सफलता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है, बीट आरक्षकों की सूचना पर सकरी थाने में 40 किलो गांजा पकड़ा गया और सिरगिट्टी इलाके में एटीएम चोरी करने वाले आरोपी को चंद घंटों में गिरफ्तार कर जेल गया। कई गंभीर अपराधों से जुड़े आरोपियों की भी गिरफ्तारी संभव हो सकी है।

बीट आरक्षकों को मिला कैश रिवार्ड

कोटा थाना आरक्षक धर्मेंद्र साहू, ज्वाला सिंह, बेलगहना चौकी से प्रधान आरक्षक प्रफुल्ल सिंह, आरक्षक अंकित जायसवाल,सकरी थाना से आरक्षक मनोज बघेल, सज्जू अली, पवन बंजारे, विनोद शास्त्री, सिविल लाइन थाना से प्रधान आरक्षक नवीन सोनकर, आरक्षक सोनू पाल, नीतेश सिंह, देवेंद्र शर्मा, सरकंडा थाना से आरक्षक संजीव जांगड़े, दुर्गेश प्रजापति,सिरगिट्टी थाना से आरक्षक बोधु कुम्हार, संजय यादव, मिथिलेश साहू, कोतवाली थाना से आरक्षक शिवशंकर कुरें, राहुल जगत। आरक्षक रंजीत खरे, तोरवा थाना, हिरीं थाना से एएसआई दिवाकर सिंह, मस्तूरी थाना से आरक्षक सचिन तिवारी, राकेश भारद्वाज, रेशम लाल टंडन, देवसहाय जायसवाल, रोहित पाटले समेत अन्य शामिल है। एसएसपी रजनेश सिंह ने मुस्तैदी से काम करने वाले बीट प्रभारियों को 2500 रुपए से 100 रुपए तक का कैश रिवार्ड देकर और बेहतर काम करने के लिए प्रोत्साहित किया है।

बीट सिस्टम को और मजबूत करेंगे

एसएसपी रजनेश सिंह का कहना है, बीट सिस्टम हमारी आंखों और कानों की तरह है, जब आरक्षक को अपने इलाके के हर व्यक्ति की जानकारी होगी, तो अपराध होने से पहले ही उसे रोका जा सकेगा। इसे लेकर थानों में पदस्थ आरक्षकों ने बेहतर काम किया है। हम इसे और भी प्रभावी बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *