निलंबन ब्रेकिंग: शिक्षा विभाग में बड़ी कार्रवाई: अनुपस्थिति, लापरवाही और गबन के आरोपों में शिक्षक, लिपिक, लेखापाल व भृत्य निलंबित, डीईओ ने जारी किया आदेश

निलंबन ब्रेकिंग: शिक्षा विभाग में बड़ी कार्रवाई: अनुपस्थिति, लापरवाही और गबन के आरोपों में शिक्षक, लिपिक, लेखापाल व भृत्य निलंबित, डीईओ ने जारी किया आदेश

रायपुर। जिला शिक्षा अधिकारी, राजनांदगांव (छ.ग.) ने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता और विभागीय निर्देशों की अवहेलना के अलग-अलग मामलों में चार कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

संबंधित अधिकारियों व संस्था प्रमुखों से प्राप्त प्रतिवेदनों, निरीक्षण रिपोर्ट और कारण बताओ सूचना पत्रों के जवाबों की समीक्षा के बाद यह सख्त कार्रवाई की गई है। छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 के विपरीत पाए जाने पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत सभी निलंबन आदेश जारी किए गए हैं। निलंबन अवधि में सभी संबंधित कर्मचारियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

व्हाट्सएप ग्रुप में बार-बार अभद्र, अशोभनीय और अमर्यादित संदेश भेजने का आरोप

शासकीय प्राथमिक शाला बीरूटोला, विकासखंड छुरिया के सहायक शिक्षक (एल.बी.) भेमसेन तारम को लेकर जारी किया गया है। प्राचार्य (भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साल्हे) और विकासखंड शिक्षा अधिकारी छुरिया के प्रतिवेदन के अनुसार, उन पर संकुल व्हाट्सएप ग्रुप में बार-बार अभद्र, अशोभनीय और अमर्यादित संदेश भेजने, शैक्षिक समन्वयक के निरीक्षण के दौरान स्कूल से अनुपस्थित पाए जाने तथा समझाइश के बावजूद व्यवहार में सुधार न लाने के आरोप हैं। अनुपस्थिति पर जारी स्पष्टीकरण का जवाब न देने और दैनिक मध्यान्ह भोजन संचालन व छात्रवृत्ति कार्य प्रभावित होने को गंभीर कदाचरण मानते हुए उन्हें निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, डोंगरगांव नियत किया गया है।

वीएसके एप में उपस्थिति गड़बड़ी पर भृत्य व लेखापाल निलंबित

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुरगी (विकासखंड व जिला राजनांदगांव) की भृत्य प्रमिला राय को निलंबित किया गया है। उन्हें 26 अक्टूबर 2026 को वीएसके एप में उपस्थिति दर्ज न करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। उन्होंने मोबाइल में एप अपडेट न होने का कारण बताया, जबकि 1 अक्टूबर से 20 नवंबर 2026 के बीच 32 कार्य दिवसों के एप रिकॉर्ड में 14 दिन अनुपस्थित और 18 दिन उपस्थित पाया गया, जिसमें भी 13 दिन स्कूल समय के बाद उपस्थिति दर्ज की गई थी। असंतोषजनक उत्तर व निर्देशों की अवहेलना पर उन्हें निलंबित कर मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, राजनांदगांव नियत किया गया है।

वीएसके एप में ऑनलाइन अटेंडेंस अपडेट ना करने का आरोप

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भैंसातरा (विकासखंड व जिला राजनांदगांव) के लेखापाल मोरेश्वर गोसाई को भी वीएसके एप में उपस्थिति दर्ज न करने के मामले में निलंबित किया गया है। 26 अक्टूबर 2026 के पत्र के जवाब में उन्होंने रायपुर और दुर्ग में विभागीय कार्य से जाने का हवाला दिया, लेकिन उपस्थिति न होने के संबंध में कोई ठोस अभिलेखीय प्रमाण या संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं कर सके। उनका मुख्यालय निलंबन अवधि के लिए विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, डोंगरगढ़ निर्धारित किया गया है।

बिजली बिल राशि व अनुपस्थिति पर सहायक ग्रेड-03 पर कार्रवाई

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रेंगाकठेरा (विकासखंड डोंगरगढ़) के सहायक ग्रेड-03 अतुल कुमार सिन्हा के विरुद्ध जारी हुआ है। उन पर 28 सितंबर 2026 से बिना पूर्व सूचना अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने, संस्था प्रमुख के स्पष्टीकरण का जवाब न देने, संस्था के बिजली बिल की 6530 रुपए की राशि आहरण के बावजूद सीएसपीडीसीएल में भुगतान न करने, वीएसके एप में उपस्थिति दर्ज न करने तथा छात्रवृत्ति कार्य में प्रगति न लाने और दस्तावेज विद्यालय को न सौंपने जैसे गंभीर आरोप हैं। कदाचरण पाए जाने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर निलंबन अवधि में मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, छुरिया नियत किया गया है।

खास बातें

चार कर्मी निलंबित: जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, राजनांदगांव द्वारा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत चारों कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

भेमसेन तारम (सहायक शिक्षक एल.बी., बीरूटोला, छुरिया): संकुल व्हाट्सएप ग्रुप में बार-बार अभद्र व अमर्यादित मैसेज करने, निरीक्षण में अनुपस्थित मिलने, स्पष्टीकरण का जवाब न देने और मध्यान्ह भोजन व छात्रवृत्ति कार्य प्रभावित करने पर कार्रवाई; निलंबन अवधि में मुख्यालय बीईओ कार्यालय डोंगरगांव।

प्रमिला राय (भृत्य, सुरगी, राजनांदगांव): 1 अक्टूबर से 20 नवंबर 2026 के बीच 32 कार्य दिवसों में 14 दिन अनुपस्थित रहने, 13 दिन स्कूल समय के बाद उपस्थिति दर्ज करने और वीएसके एप अपडेट न होने के असंतोषजनक तर्क पर निलंबन; मुख्यालय बीईओ कार्यालय राजनांदगांव।

अतुल कुमार सिन्हा (सहायक ग्रेड-03, रेंगाकठेरा, डोंगरगढ़): 28 सितंबर 2026 से अनाधिकृत अनुपस्थिति, स्पष्टीकरण का जवाब न देने, 6530 रुपए बिजली बिल की राशि आहरण के बाद भी भुगतान न करने और छात्रवृत्ति दस्तावेज न सौंपने पर कार्रवाई; मुख्यालय बीईओ कार्यालय छुरिया।

मोरेश्वर गोसाई (लेखापाल, भैंसातरा, राजनांदगांव): वीएसके एप में उपस्थिति दर्ज न करने पर दिए गए जवाब में रायपुर-दुर्ग दौरे का हवाला दिया गया, लेकिन ठोस प्रमाण न मिलने पर निलंबन; मुख्यालय बीईओ कार्यालय डोंगरगढ़।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *