किताबें-कॉपियां छूटी, हाथों में आया झाड़ू: छत्तीसगढ़ के इस स्कूल का वीडियो देख खौल उठेगा खून, DEO बोले- होगी सख्त कार्रवाई

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सरकारी स्कूल के मासूम बच्चे पढ़ाई के बजाय स्कूल में मजदूरी जैसे काम करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पालकों में भारी आक्रोश है। वीडियो वारयल होने के बाद डीइआईओ ने जांच के सख्त निर्देश दिए है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला जांजगीर-चांपा जिले के कोटमी सोनार के बाजार पारा स्थित शासकीय उच्चतर प्राथमिक शाला का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि स्कूल में पढ़ने वाले पहली से पांचवीं तक के छोटे-छोटे बच्चे कक्षाओं में झाड़ू लगा रहे हैं। वहीं कुछ बच्चे दीवारों की दरारों को सीमेंट से भरकर उनकी मरम्मत करने की कोशिश कर रहे हैं। गांव के ही एक युवक ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
पालकों ने स्कूल प्रबंधन पर उठाए सवाल
वीडियो सामने आने के बाद बच्चों के माता-पिता और स्थानीय लोगों ने स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पालकों ने कहा कि, बच्चे स्कूल में ज्ञान अर्जित करने और पढ़ाई करने जाते हैं, न कि स्कूल की साफ-सफाई और निर्माण कार्य करने के लिए। इस तरह के कामों से बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास पर बुरा असर पड़ता है।
डीईओ बोले- जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई
मामले के तूल पकड़ने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी मनोहर प्रताप सिंह ने इसे गंभीरता से संज्ञान में लिया है। उन्होंने कहा कि, वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बच्चों की पढ़ाई और उनके भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

