गोपनीय चरित्रावली: सरकारी कर्मचारियों का सीआर लिखने जीएडी ने जारी किया जरुरी गाइड लाइन, देखें आदेश

इमेज सोर्स- NPG News
रायपुर।18 अप्रैल 2026| सामान्य प्रशासन विभाग के अपर सचिव गोरे लाल भूआर्य ने प्रदेशभर के कलेक्टर्स के अलावा संभागायुक्त व विभाग प्रमुखों को पत्र लिखकर अधिनस्थ कर्मचारियों के गोपनीय चरित्रावली के संबंध में जरुरी दिशा निर्देश जारी किया है। तय गाइड लाइन के अनुसार सीआर लिखने के लिए जीएडी ने डेडलाइन भी तय कर दिया है।
छत्तीसगढ़ शासन सामान्य प्रशासन विभाग के अवर सचिव ने जारी आदेश में लिखा है, शासकीय सेवकों के गोपनीय चरित्रावली लिखे जाने के संबंध में निदेशक सिद्वान्तों का निर्धारण समय सीमा तय कर दी गई है। जारी पत्र में जीएडी ने तय समय सीमा का विशेषतौर पर उल्लेख किया है।
जीएडी के अपर सचिव ने जारी पत्र में लिखा है, आकलन वर्ष 2025-26 से उपर्युक्त अनुसूची अनुसार निर्धारित नियत तिथि (अंतिम तिथि) के पश्चात् वार्षिक कार्य निष्पादन मूल्यांकन प्रतिवेदन (APAR) को एक चरण से अगले चरण में स्वतः अग्रेषित करने का प्रावधान लागू किया जाता है। अथवा ऐसे शासकीय सेवक जिनकी आज दिनांक तक SPARROW Portal पर ऑनबोर्डिंग नहीं हुई है। उन शासकीय सेवकों का प्रतिवेदन नवीन निर्धारित प्रपत्र (अंकीय ग्रेड) में ऑफलाइन (मैन्युअल) माध्यम से निर्धारित समय-सीमा में लिखा जाना सुनिश्चित किया जाए।
देखिये आदेश
जीएडी ने दी ये चेतावनी
राज्य शासन के समस्त (अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों को छोड़कर) अधिकारियों, कर्मचारी निर्धारित समयसीमा का सख्ती से पालन सुनिश्चित करेंगे। किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब प्रशासनिक दृष्टि से गंभीर माना जाएगा तथा उत्तरदायित्व तय किया जाएगा। प्रत्येक स्तर पर अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे, उनके अधीनस्थों के APAR समय पर दर्ज हों और प्रणाली में अद्धतन रहें। उक्त अनुसूची का पालन सुनिश्चित करें एवं अधीनस्थ अधिकारियों, कर्मचारियों को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी किया जाए।
जीएडी ने इस तरह तय किया डेडलाइन
- विभाग, कार्यालय द्वारा प्रतिवेदक अधिकारी और समीक्षक अधिकारी विनिर्दिष्ट करते हुए प्रतिवेदित अधिकारी/कर्मचारी को खाली 0 पीएआर फॉर्म दिया जाना, 30 अप्रैल
- मौजूदा वर्ष के लिए स्वः मूल्यांकन, 15 मई, स्वत: अग्रेषित 16 मई
- प्रतिवेदक अधिकारी द्वारा मूल्यांकन, 15 जून, स्वत: अग्रेषित 16 जून
- समीक्षक अधिकारी द्वारा मूल्यांकन,15 जुलाई,स्वत: अग्रेषित 16 जुलाई
- स्वीकार करने वाला अधिकारी द्वारा मूल्यांकन,16 अगस्त, स्वत: अग्रेषित 17 अगस्त
समझिए क्या है गोपनीय चरित्रावली
गोपनीय चरित्रावली (Confidential Report CR) सरकारी कर्मचारियों के कार्य-प्रदर्शन, आचरण, क्षमता और ईमानदारी का वार्षिक मूल्यांकन रिकॉर्ड है। यह वित्तीय वर्ष (1 अप्रैल – 31 मार्च) के आधार पर तैयार की जाती है। सीआर, पदोन्नति, समयमान वेतनमान और विभागीय जांच के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसमें व्यक्तिगत जानकारी, लक्ष्य उपलब्धि, वरिष्ठ अधिकारी की टीप (कमेंट) और रेटिंग शामिल होती है।
