CG News: इस वजह से CM विष्णुदेव दो दिन पहले सिंगापुर जाने रवाना हुए दिल्ली, CS, PS भी साथ में

इमेज- इंटरनेट
CG News
CG News: रायपुर। मुख्यमंत्री तीन से छह अक्टूबर तक सिंगापुर प्रवास पर रहने वाले थे. इसके लिए वे कल दो अक्टूबर को देर शाम यहां से दिल्ली जाते, फिर वहां से सिंगापुर. मगर इस बीच दिल्ली में एक अहम बैठक तय हो गईं.
दरअसल, आज शाम पबच बजे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में महानदी जल विवाद को लेकर छत्तीसगढ़ और ओड़िशा के मुख्यमंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। इस बैठक के लिए सिंचाई विभाग के सचिव राजेश टोप्पो के नेतृत्व में अफसरों का दल दिल्ली पहुंच चुका है.
मीटिंग में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, मुख्य सचिव विकास शील और प्रमुख सचिव टू CM सुबोध सिंह के साथ आज सुबह की फ्लाइट से दिल्ली रवाना हो गए हैं। इस बैठक के चलते ही मुख्यमंत्री और उनकी टीम को दो दिन पहले दिल्ली जाना पड़ा.
मीटिंग के बाद मुख्यमंत्री आज दिल्ली में ठहरेंगे। कल दो अक्टूबर को देर रात तीन बजे सिंगापुर के लिए उनका फ्लाइट है। उधर, उद्योग सचिव रजत कुमार और उनकी टीम तैयारियों के लिए पहले ही सिंगापुर रवाना हो चुके हैं. मुख्यमंत्री और उनके साथ गए अफसरों की टीम छह अक्टूबर को दिल्ली लौटेगी और वहां से सात अक्टूबर को फिर रायपुर आएगी.
राज्य सरकार द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार विदेश मंत्रालय द्वारा सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ फोरम 2026 के लिए छत्तीसगढ़ का चयन किया गया है. भारत सरकार के नामांकन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 3 से 6 अक्टूबर 2026 तक सिंगापुर जाने वाले छत्तीसगढ़ प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026 में भाग लेगा।
इस फोरम में भागीदारी से राज्य को अपनी उपलब्धियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का मंच मिलेगा। साथ ही भविष्य में सहयोग के लिए सिंगापुर के व्यापार जगत, उद्यमियों और निवेशकों के साथ संबंध बनाने का अवसर भी मिलेगा।
SING फोरम 2026 का यह पहला संस्करण है, जिसका आयोजन सिंगापुर बिज़नेस फेडरेशन द्वारा किया जा रहा है। यह फोरम सिंगापुर और भारत के वरिष्ठ सरकारी प्रतिनिधियों, उद्योग जगत के प्रमुखों और निवेशकों को एक मंच पर लाता है, ताकि दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी मजबूत हो। फोरम में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए मुख्यमंत्री एमएसएमई, स्टार्टअप और रोजगारपरक क्षेत्रों में निवेश की राज्य की व्यापक संभावनाओं को प्रस्तुत करेंगे।
यात्रा के दौरान प्रतिनिधिमंडल स्किल सेंटर, मंडई वाइल्डलाइफ रिज़र्व और गार्डन्स बाय द बे के साथ भी बैठकें करेगा। इन बैठकों में कौशल विकास में सहयोग के साथ-साथ वन्यजीव संरक्षण, उद्यानिकी और हरित विकास के क्षेत्र में संभावनाओं पर चर्चा होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा छत्तीसगढ़ को वैश्विक साझेदारों से जोड़ने और राज्य के विकास के नए रास्ते खोलने का अवसर है।
प्रतिनिधि मंडल में ये रहेंगे शामिल
मुख्यमंत्री के साथ प्रतिनिधिमंडल में मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, सीएसआईडीसी के प्रबंध संचालक विश्वेश कुमार तथा मुख्यमंत्री के ओएसडी उमेश अग्रवाल शामिल रहेंगे।

