भारी बारिश से सीएम विष्णुदेव के हेलिकाप्टर को उड़ान के लिए एटीसी से क्लियरेंस नहीं मिल पाया, सरकारी प्लेन भी खराब, दौरा रद्द करना पड़ा…

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को आज जशपुर जाना था। वहां से तिरंगा कार्यक्रम आयोजित किया गया था। तिरंगा यात्रा में शामिल होने के बाद वे शाम को गृह गांव बगिया जाते। रात्रि विश्राम उनका बगिया में ही था। सीएम कल दोपहर बाद रायपुर लौटते। मगर जशपुर में मौसम की खराबी की वजह से उनके हेलिकाप्टर को उड़ान भरने की एटीसी से हरी झंडी नहीं मिली।
आज हालांकि, राजधानी रायपुर का मौसम खुला हुआ था। मुख्यमंत्री और उनके स्टाफ ने जशपुर जाने की लगभग तैयारी कर ली थी। मगर पायलट ने एटीसी से उड़ान भरने की क्लियेंस मांगी तो पता चला कि जशपुर में भारी बारिश की वजह से परमिशन नहीं मिलेगा। काफी देर तक प्रतीक्षा करने के बाद जब तेज बारिश नहंी रुकी तो मुख्यमंत्री ने अपना जशपुर दौरा निरस्त करने का निर्णय किया।
बता दें, जशपुर में आज सुबह से मुसलाधार बारिश हो रही थी। जशपुर वैसे भी समुद्र तल से करीब 2000 फुट की उंचाई पर है। वहां बादल भी काफी नीचे तैरते रहते हैं। इसलिए, एटीसी ने रिस्क नहीं लिया। जशपुर में इस समय भी तेज बारिश हो रही है। उधर, सरकारी प्लेन भी इस समय खराब चल रहा है। वरना, बारिश में भी प्लेन से जाना आसान रहता है। प्लेन बारिश मेें भी उड़ान भर लेते हैं।
इस समय छत्तीसगढ़ में सरकारी हेलिकाप्टर मैना के क्रेश होने के बाद फिर दूसरा हेलिकाप्टर नहीं खरीदा गया। करीब डेढ़ दशक से सरकार किराये के हेलिकाप्टर से काम चला रही है। न रमन सिंह सरकार में नया हेलिकाप्टर लिया गया और न भूपेश बघेल सरकार में। इस सरकार का भी ढाई साल निकल गया मगर किराये के हेलिकाप्टर ही ज्यादा मुफीद समझा जा रहा है। उधर, सरकारी प्लेन काफी पुराना हो चुका है।
मध्यप्रदेश से बंटवारे में जो प्लेन मिला था, वही चल रहा है। रमन सिंह ने तीसरी पारी में सरकारी प्लेन का इस्तेमाल बंद कर दिया था। एक बार दिल्ली जाते समय प्लेन में जोरदार झटका लगा था, उसके बाद वे रेगुलर फ्लाइट से दिल्ली या कहीं और जाते थे। पिछले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी कभी सरकारी प्लेन का इस्तेमाल नहीं किया। मगर वर्तमान मुख्यमंत्री समय-समय पर सरकारी विमान का उपयोग करते हैं। सुशासन तिहार के दौरान एकाधिक बार हेलिकाप्टर ने धोखा दिया तो उन्होंने सरकारी प्लेन का इस्तेमाल किया था। कुछ दिन पहले ही वे आखिरी बार झारखंड दौरे के लिए सरकारी प्लेन का यूज किया था मगर उसके बाद से वह खराब पड़ा है।

