VIDEO: सरकारी अस्पताल में शराब-मुर्गा पार्टी! फार्मासिस्ट और वार्ड ब्वॉय, दोस्तों संग छलका रहे जाम

इमेज- इंटरनेट
Surajpur Hospital Viral Video
Surajpur Hospital Viral Video: सूरजपुर। उत्तर छत्तीसगढ़ सूरजपुर जिले के एक सरकारी अस्पताल में शराब और चिकन पार्टी का मामला सामने आया है। फार्मासिस्ट और वार्ड बॉय अन्य साथियों के साथ ड्यूटी के दौरान एक कमरे में पार्टी करते नजर आए। इसका वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीड़िया सामने आने के बाद CMHO डॉ. कपिल देव पैकरा ने फार्मासिस्ट रंजीत जायसवाल और वार्ड बॉय प्रेम कुशवाहा को सस्पेंड कर दिया है। CMHO का कहना है कि मामले में विभागीय कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। शराबखोरी का मामला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लटोरी का है।
कमरे में शराब और मुर्गा पार्टी
फार्मासिस्ट रंजीत जायसवाल और वार्ड बॉय प्रेम कुशवाहा मंगलवार 21 जुलाई को अपने साथियों के साथ अस्पताल के एक कमरे में शराब और चिकन पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग मौके पर पहुंचे और उनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
साेशल मीडिया में वायरल हो रहे वीडियो में फार्मासिस्ट और वार्ड बॉय समेत चार लोग कुर्सियों पर बैठे नजर आ रहे हैं। टेबल पर डिस्पोजल गिलास, शराब, मुर्गा और सिगरेट का डिब्बा दिखाई दे रहा है। सवाल-जवाब करने पर सभी धीरे-धीरे कमरे से बाहर निकलते नजर आ रहे हैं।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि ड्यूटी के दौरान अस्पताल परिसर में शराब पार्टी करना गैर-जिम्मेदाराना हरकत है। उन्होंने मामले में फार्मासिस्ट रंजीत जायसवाल और वार्ड बॉय प्रेम कुशवाहा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

