Dantewada Crime News: फिर मां की हत्याः शराब पीकर बेटा घर पहुंचा, खाना मांगा, नहीं देने पर डंडे से पीट-पीटकर मार डाला…

Dantewada Crime News: दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में गुटखा के लिए पैसा नहीं देने पर मां की हत्या का मामला सामने आया था। अभी घटना को हफ्ता भर भी नहीं हुआ कि अब दंतेवाड़ा जिले में शराबी बेटे ने खाना नहीं देने पर अपनी ही मां की हत्या कर दी। आरोपी ने डंडे से पीट-पीटकर मां को मौत के घाट उतार दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप है।
जानिए पूरा मामला
दंतेवाड़ा जिले के थाना भांसी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धुरली टिटेमपारा में एक महिला की हत्या की सूचना पुलिस को मिली थी। इस सूचना पर पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची और हत्या के आरोपी की 24 घंटे के भीतर ही गिरफ्तारी की गई।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि मृतिका बुधरी तेलाम (उम्र लगभग 60 वर्ष) की हत्या उसके पुत्र सामु उर्फ श्याम तेलाम (उम्र लगभग 32 वर्ष) निवासी धुरली टिटेमपारा द्वारा की गई थी। घटना के संबंध में पता चला कि आरोपी ने शराब के नशे में अपनी मां से खाना मांगा। खाना नहीं मिलने पर आरोपी आक्रोशित हो गया और पास में रखे बांस के डंडे से मृतिका के सिर पर जोरदार हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
थाना भांसी में धारा 103(1) बीएनएस पंजीबद्ध कर जाँच में लिया गया। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध करना स्वीकार किया। आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य सबूत पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर आज न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक प्रदीप बिसेन,उप.निरी. किशोर जोशी, स.उ.नि. जयमंगल श्यामले ,म. प्र.आर भारती मण्डावी,आर. दिनेश नाग, रघु ध्रुव, कन्हैया लाल राठीया की महत्वपूर्ण भूमिका रही I

