CG Politics: राहुल गांधी का छत्तीसगढ़ प्रवास: ये क्या कह गए मंत्री कश्यप, छत्तीसगढ़ में बहुत शराब घोटाला हुआ….इसलिए राहुल का स्वागत

CG Politics: राहुल गांधी का छत्तीसगढ़ प्रवास: ये क्या कह गए मंत्री कश्यप, छत्तीसगढ़ में बहुत शराब घोटाला हुआ….इसलिए राहुल का स्वागत

CG Politics: रायपुर \ 18 जून 2026। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रवास पर नजर डालें तो 21 जून को उनका छत्तीसगढ़ आना तय हुआ है। प्रवास को लेकर राजनीति भी उसी अंदाज में गरमाने लगी है। मंत्री केदार कश्यप ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेताओं को अनोखी सलाह दे डाली है। मंत्री ने राहुल गांधी का स्वागत शराब से पैर धोकर करने कांग्रेसी नेताओं को मशविरा दिया है। कारण भी बताया, कांग्रेस के शासनकाल में दो हजार करोड़ से ज्यादा का शराब घोटाला हुआ है।

मंत्री कश्यप ने राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ प्रवास का स्वागत किया है, वेलकम करने के साथ ही कांग्रेसी नेताओं पर निशाना भी साधा है। उन्होंने कहा, कांग्रेस शासनकाल के दौर में प्रियंका गांधी प्रदेश के दौरे पर आए थे, तब उनके स्वागत में गुलाब की पंखुड़िया बिछाई गई थी। कांग्रेस पर सवाल उछालते हुए कहा, इस बार राहुल गांधी आ रहे हैं, उनके स्वागत में क्या करेंगे, ये तो पार्टी ही जानेगी। निशाना साधते हुए कहा, वैसे भी कांग्रेस के नेता अपने आका को खुश रखने के लिए नवाचार करते ही रहते हैं। कांग्रेस का छत्तीसगढ़ में पांच साल का शासनकाल सबको याद है। भ्रष्टाचार के अलावा कुछ भी नहीं हुआ। पूरी सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त रही।

संगठनात्मक प्रवास पर आ रहे राहुल गांधी

राहुल गांधी का छत्तीसगढ़ प्रवास पर संगठनात्मक है। प्रवास के दौरान उनका पूरा फोकस संगठन सृजन अभियान के तहत बनाए गए जिला व शहर अध्यक्षों के कामकाज को लेकर है।

प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत राहुल गांधी अभनपुर में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण शिविर में शामिल होकर जिला कांग्रेस अध्यक्षों और पदाधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया, पीसीसी, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी कड़ी में 20 से 29 जून के बीच एक बड़े प्रशिक्षण शिविर के आयोजन की तैयारी की जा रही है। शिविर में छत्तीसगढ़ के साथ ओडिशा के जिला कांग्रेस अध्यक्षों को भी शामिल किए जाने की योजना है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से कार्यक्रम का प्रस्ताव राहुल गांधी के कार्यालय को भेजा गया है और अंतिम मंजूरी का इंतजार किया जा रहा है।

शहर व जिला अध्यक्षों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण

प्रशिक्षण शिविर में नवनियुक्त 41 जिला व शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्हें संगठन की कार्यप्रणाली, बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क, चुनावी रणनीति और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा।

इस बात पर है पार्टी का फोकस

यह पूरा आयोजन कांग्रेस के “संगठन सृजन अभियान” का हिस्सा है, जिसके जरिए पार्टी 2025-26 में जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है। अभियान के तहत जिला, ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर तक संगठन का पुनर्गठन किया जा रहा है। पार्टी का फोकस सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने और संगठन में जवाबदेही तय करने पर है।

जिलाध्यक्षों को यह सब बताना होगा

राहुल गांधी प्रदेश के सभी जिलाध्यक्षों से उनके जिलों के प्रमुख बड़े मुद्दे, किस मुद्दे पर किस तरह काम किया जा सकता है। किन मुद्दों पर राज्य सरकार को घेरा जा सकता है जिसमें सीधेतौर पर जनता का जुड़ाव हो। पदभार ग्रहण करने के बाद चलाए गए या चलाए जा रहे अभियान की जानकारी देनी होगी। इसके अलावा आम आदमी से जुड़ाव वाले उन मुद्दों को भी सामने रखना होगा, जिस पर आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाना है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में इनकी रहेगी मौजूदगी

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, एआईसीसी के महासचिव केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश, सुप्रिया श्रीनेत, पवन खेड़ा व शशिकांत सेंथिल।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *