CG News: लोक सेवा गारंटी का बढ़ा दायरा: 30 दिन में मिलेंगे कॉलोनाइजर लाइसेंस, 24 घंटे के भीतर करनी होगी हैंडपंप और ट्यूबवेल की मरम्मत

CG News: लोक सेवा गारंटी का बढ़ा दायरा: 30 दिन में मिलेंगे कॉलोनाइजर लाइसेंस, 24 घंटे के भीतर करनी होगी हैंडपंप और ट्यूबवेल की मरम्मत

रायपुर। 21 जून 2026| छत्तीसगढ़ के शहरी इलाकों में रहने वालों के लिए यह अच्छी खबर हो सकती है। अब नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों से जुड़ी कई आवश्यक सेवाओं के लिए अनिश्चितकाल तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। राज्य सरकार ने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की 24 सेवाओं को छत्तीसगढ़ लोक सेवा गारंटी अधिनियम, 2011 के दायरे में शामिल कर दिया है। इसके लिए राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित की गई है।

नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक सेवा के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई है। निर्धारित अवधि में सेवा उपलब्ध नहीं कराने पर संबंधित अधिकारी जवाबदेह होंगे और नागरिकों को अपील का अधिकार भी मिलेगा। अधिसूचना में सेवा प्रदाता अधिकारी, सक्षम प्राधिकारी तथा अपीलीय अधिकारी भी निर्धारित किए गए हैं।

शहरी क्षेत्रों में हैंडपंप और ट्यूबवेल की मरम्मत 24 घंटे के भीतर करनी होगी। पेयजल गुणवत्ता परीक्षण की रिपोर्ट सात कार्य दिवस में उपलब्ध कराई जाएगी। कॉलोनाइजर लाइसेंस, भवन ध्वस्तीकरण अनुमति, रोड कटिंग अनुमति तथा संपत्ति के विक्रय अथवा पट्टा विलेख निष्पादन जैसी सेवाओं के लिए 30 कार्य दिवस की समय-सीमा तय की गई है।

कॉलोनी विकास अनुमति (ले-आउट एवं आंतरिक विकास), विकास अनुमति की समय-सीमा वृद्धि, विद्युत अनापत्ति प्रमाण पत्र, स्ट्रीट लाइट मरम्मत, सामुदायिक भवन बुकिंग तथा कार्यक्रमों के लिए एनओसी जैसी सेवाओं के लिए 15 दिन तक का समय निर्धारित किया गया है। सीवर लाइन की रुकावट दूर करने और सेप्टिक टैंक सफाई के लिए सात दिन तथा आवारा कुत्तों के प्रबंधन के लिए तीन कार्य दिवस की समय-सीमा तय की गई है।

सरकार का मानना है कि इन सेवाओं को लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत लाने से शहरी निकायों की जवाबदेही बढ़ेगी और नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं मिल सकेंगी। अधिसूचना के अनुसार नगर निगम क्षेत्रों में आयुक्त और नगर पालिका-नगर पंचायत क्षेत्रों में मुख्य नगरपालिका अधिकारी नामित अधिकारी होंगे, जबकि अपील की व्यवस्था भी निर्धारित की गई है।

लोक सेवा गारंटी अधिनियम के दायरे में ये सेवाएं

  • हैंडपंप और ट्यूबवेल मरम्मत
  • पेयजल गुणवत्ता जांच रिपोर्ट
  • कॉलोनाइजर लाइसेंस
  • कॉलोनी विकास अनुमति
  • भवन संशोधन व ध्वस्तीकरण अनुमति
  • स्ट्रीट लाइट मरम्मत
  • सीवर लाइन अवरोध हटाना
  • सेप्टिक टैंक सफाई
  • आवारा पशु व कुत्ता प्रबंधन
  • रोड कटिंग अनुमति
  • सामुदायिक भवन बुकिंग
  • कार्यक्रमों के लिए एनओसी
  • संपत्ति विभाजन एवं एकीकरण संबंधी सेवाएं

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *