CG News: दो प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए बिलासपुर पुलिस का नाम, देखें सूची

CG News: बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली का लोहा पूरे प्रदेश में मनवाया है। वर्ष 2025 में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के आधार पर छत्तीसगढ़ शासन ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिलासपुर पुलिस को दो प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय पुरस्कारों के लिए चयनित किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह की कप्तानी में बिलासपुर पुलिस ने संवेदनशील, जवाबदेह और परिणाममुखी पुलिसिंग की नई पहचान बनाई है।
राज्य सरकार ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, महिलाओं, बच्चों और समाज के कमजोर वर्गों के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम, त्वरित विवेचना और प्रभावी कार्रवाई के आधार पर वर्ष 2025 के लिए राज्य स्तरीय पुलिस पुरस्कार घोषित किए हैं। इनमें बिलासपुर के अजाक थाना को ‘शहीद वीर नारायण सिंह पुरस्कार’तथा उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) डी.आर. टंडन को ‘पुलिस महानिदेशक पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा।
एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि बिलासपुर पुलिस की सफलता टीमवर्क, अनुशासन और जनता के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने पुरस्कार प्राप्त करने वाले अधिकारियों और पूरी पुलिस टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान आगे भी उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा देगा।
15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह में इन पुरस्कारों का औपचारिक वितरण किया जाएगा। बिलासपुर पुलिस के लिए यह सम्मान केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है। यह साबित करता है कि उत्कृष्ट कार्य, संवेदनशील पुलिसिंग और प्रभावी नेतृत्व को राज्य स्तर पर भी उचित पहचान मिल रही है।

