CG News: दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अहम फैसला, अब भारतमाला मार्ग पर सभी वाहनों के प्रवेश पर लगा प्रतिबंध

जांजगीर-चांपा। 30 जून 2026| सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हु जांजगीर-चांपा पुलिस की पहल रंग लाई है। निर्माणाधीन भारतमाला परियोजना के उरगा–बलौदा एवं पंतोरा–बिलासपुर मार्ग पर अब सभी प्रकार के छोटे और बड़े वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस महत्वपूर्ण निर्णय से निर्माण कार्य सुरक्षित और सुचारु रूप से पूरा हो सकेगा, वहीं अधूरे मार्ग पर होने वाली संभावित दुर्घटनाओं पर भी प्रभावी अंकुश लगेगा।
ज्ञात हो कि भारतमाला मार्ग में दो दिन पहले अज्ञात वाहन ने मार्निंग वाक पर निकले तीन ग्रामीणों को कुचल दिया था जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। यातायात पुलिस ने निर्माणाधीन मार्ग पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं और सुरक्षा संबंधी गंभीर खतरों को देखते हुए भारतमाला परियोजना के परियोजना निदेशक, कोरबा को पत्र भेजकर मार्ग को तत्काल बंद करने तथा वाहनों की आवाजाही रोकने की मांग की थी। पुलिस द्वारा किए गए पत्राचार के बाद परियोजना निदेशक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और निर्माणाधीन उरगा–बिलासपुर भारतमाला मार्ग को पूरी तरह बंद करने के निर्देश जारी कर दिए। अब इस मार्ग पर किसी भी प्रकार के वाहन का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, जिससे निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के पूरा किया जा सकेगा और दुर्घटनाओं की आशंका भी काफी हद तक कम होगी।
निर्माणाधीन सड़क पर यात्रा करना बेहद जोखिमपूर्ण
यातायात पुलिस के अनुसार निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर सड़क का निर्माण कार्य जारी है। ऐसे में इस मार्ग पर वाहन चलाना अत्यंत जोखिमपूर्ण है। कई स्थानों पर सड़क अधूरी है, डायवर्जन बने हुए हैं तथा सुरक्षा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध नहीं हैं। इसी कारण पूर्व में कई सड़क दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिनमें लोगों को जान गंवानी पड़ी है और अनेक लोग घायल हुए हैं।
आपातकालीन सुविधाओं का अभाव
यातायात एएसपी उदयन बेहार ने बताया कि वर्तमान में निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी सर्विलांस सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। ऐसी स्थिति में किसी दुर्घटना की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित हो सकता है। यही कारण है कि मार्ग को पूरी तरह बंद करने का निर्णय जनहित में लिया गया है।
वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील
जांजगीर-चांपा यातायात पुलिस ने सभी नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग का किसी भी परिस्थिति में उपयोग न करें। जब तक निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो जाता, तब तक केवल निर्धारित वैकल्पिक एवं सुरक्षित मार्गों से ही आवागमन करें। साथ ही सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करते हुए स्वयं तथा अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

