CG News: जनजातीय वीरों के बलिदान से सजी छत्तीसगढ़ की माटी: CM विष्णुदेव बोले- प्रधानमंत्री मोदी ने जनजातीय नायकों को दिलाया ऐतिहासिक राष्ट्रीय सम्मान

CG News: जनजातीय वीरों के बलिदान से सजी छत्तीसगढ़ की माटी: CM विष्णुदेव बोले- प्रधानमंत्री मोदी ने जनजातीय नायकों को दिलाया ऐतिहासिक राष्ट्रीय सम्मान

बिलासपुर। 16 नवंबर 2026| छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि स्वतंत्रता संघर्ष में जनजातीय नायकों का योगदान अविस्मरणीय और प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि मातृभूमि की स्वतंत्रता के साथ-साथ अपनी संस्कृति, अस्मिता और अधिकारों की रक्षा के लिए हमारे वीरों ने जो बलिदान दिए हैं, उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय आवास और शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू ने की, इस दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव समेत कई दिग्गज नेता और शिक्षाविद् मौजूद रहे।

भगवान बिरसा मुंडा और शहीद वीर नारायण सिंह के बलिदान को किया नमन

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विश्वविद्यालय परिसर में भगवान बिरसा मुंडा की भव्य प्रतिमा का अनावरण करने के बाद सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की अल्पायु में अंग्रेजी हुकूमत के दांत खट्टे कर दिए थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में प्रतिष्ठित कर देश के जनजातीय समाज के योगदान को ऐतिहासिक राष्ट्रीय सम्मान दिया है। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के अमर शहीद वीर नारायण सिंह को याद करते हुए कहा कि अकाल के दौरान गरीब जनता की भूख मिटाने के लिए गोदाम खुलवाने वाले वीर नारायण सिंह का साहस इस माटी के कण-कण में बसा है।

डबल इंजन सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र

राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए सीएम साय ने कहा कि जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम किए जा रहे हैं। देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का आसीन होना हर जनजातीय नागरिक के लिए गर्व का विषय है।

‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के तहत छत्तीसगढ़ के लगभग साढ़े छह हजार गांवों को जोड़ा गया है, जहां सड़क, बिजली, रसोई गैस और सौर ऊर्जा जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।

जनजातीय संस्कृति के संरक्षण के लिए मांझी, चालकी और बैगा का मानदेय बढ़ाया गया है। साथ ही, स्व दिलीप सिंह जूदेव के सेवाकार्यों और जोगेश्वर यादव के समर्पण को याद करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार समाज के अंतिम छोर तक विकास पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

 दिग्गजों ने मंच से रखी अपनी बात

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के ‘उलगुलान’ ने देश में शोषण के खिलाफ एक नई चेतना जगाई थी। प्रधानमंत्री मोदी की पहल से ही आज देश के गुमनाम जनजातीय नायकों की गौरवशाली गाथाएं घर-घर तक पहुंच रही हैं।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि वीर नारायण सिंह, गुण्डाधुर और गेंद सिंह जैसे महानायकों ने छत्तीसगढ़ का सिर गर्व से ऊंचा किया है। विश्वविद्यालय द्वारा संचालित सामाजिक सरोकारों और 10 रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराने जैसी पहलों की भी उन्होंने मुक्तकंठ से सराहना की। इस अवसर पर संगोष्ठी की स्मारिका का विमोचन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में प्राध्यापक, शोधार्थी और विद्यार्थी शामिल रहे।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *