CG News: करोड़ों की बेशकीमती सरकारी जमीनों पर कब्जे का खेल: तीन एकड़ जमीन पर की जा रही प्लाटिंग और अवैध निर्माण पर चला निगम का बुलडोजर

इमेज सोर्स- NPG News
बिलासपुर। 02 जून 2026| सरकारी जमीनों पर कब्जा करने, धीरे से प्लाटिंग करने और बिना अनुमति के बेचने का गोरखधंधा छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में लंबे समय से चल रहा है। ऐसे ही एक अवैध प्लाटिंग ने बिलासपुर नगर निगम ने बुलडोजर चलाया है। नगर निगम का बुलडोजर दो अलग-अलग प्रोजेक्ट पर चला। सैदा रोड और साईं आनंदम के पास अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। चार निर्माणाधीन मकान को भी तोड़ा गया है। इसके अलावा सकरी में शासकीय ज़मीन में किए गए कब्जे को भी हटाया गया है।
नगर निगम बिलासपुर द्वारा शहर में हो रहे अवैध प्लाटिंग एवं अनधिकृत निर्माण के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर भवन शाखा और जोन क्रमांक-01 की संयुक्त टीम द्वारा सकरी के सैदा रोड में स्थित लगभग 3 एकड़ भूमि पर अनूप चड्ढा द्वारा नगर तथा ग्राम निवेश विभाग एवं नगर निगम की अनुमति के बिना की जा रही अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई की गई। इस दौरान अवैध प्लाटिंग क्षेत्र में लगाए गए विद्युत पोल को हटाया गया और सड़क को तोड़ा गया।
ग्राम उसलापुर स्थित साईं मंगलम के समीप लगभग 2 एकड़ भूमि पर शिवराज सिंह द्वारा की जा रही अवैध प्लाटिंग पर भी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान सड़क,बाउंड्रीवाल के साथ निर्माणाधीन चार अवैध मकानों को भी तोड़ा गया है। सकरी में संजय भार्गव द्वारा शासकीय भूमि में अवैध रूप से कब्जा करते हुए मकान और बाउंड्रीवॉल का निर्माण किया गया था,जिसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए निर्मित बाउंड्रीवाल एवं मकान को हटाया गया।
निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर भवन शाखा और जोन की टीम द्वारा अवैध कॉलोनियों और निर्माण कार्यों को चिन्हांकित कर उन्हें हटाने की लगातार कार्रवाई की जा रही है। बिना किसी स्वीकृत योजना और आवश्यक अनुमति के विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियां एवं प्लाटिंग न केवल शहर की सुनियोजित विकास व्यवस्था को प्रभावित करती हैं, बल्कि भविष्य में नागरिक सुविधाओं और आधारभूत संरचनाओं से संबंधित गंभीर समस्याएं भी उत्पन्न करती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए अवैध प्लाटिंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

