CG Congress Politics: बैज का बड़ा बयान: छत्तीसगढ़ की राजनीति में होगा बड़ा धमाका, कौन हैं कांग्रेस के संपर्क में…

CG Congress Politics: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने बिलासपुर में आयोजित संभागीय प्रशिक्षण शिविर के समापन पर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। संभाग स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में तीन दिनों से बिलासपुर में डटे बैज ने दावा किया कि सरकार के कामकाज से भाजपा में असंतोष है और भीतर ही भीतर नाराजगी है। शिविर के आखिरी दिन उन्होंने मीडिया से बात की।
एक दिन पहले ही रायपुर में भाजपा सरकार के मंत्री गुरु खुशवंत साहेब भाई के भाई द्वारा कांग्रेस प्रवेश किए जाने के सियासी घटनाक्रम का जिक्र करते हुए बैज ने दावा किया कि भाजपा में अंदरूनी कलह चरम पर है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के कई असंतुष्ट नेता और कार्यकर्ता लगातार कांग्रेस के संपर्क में हैं और सही समय आने पर प्रदेश की राजनीति में बड़ा धमाका होगा।
बैज ने क्या कहा, पढि़ए
भारतीय जनता पार्टी में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। अभी देखेंगे आप, डोंगरगढ़ में लगभग 100-150 कार्यकर्ता इस्तीफा दे चुके हैं। नारायणपुर में देखेंगे वर्तमान विधायक मंत्री के खिलाफ में वरिष्ठ नेताओं ने बिगुल फूंक दिया है। और अभी बहुत से भारतीय जनता पार्टी के नेता और कार्यकर्ता हमारे संपर्क में हैं। समय आने दीजिए, छत्तीसगढ़ में बड़ा धमाका होगा। और जितने भी भारतीय जनता पार्टी के फूफा हैं, नाराज फूफा हैं, वो कांग्रेस के संपर्क में हैं।”
संगठन में बदलाव
दीपक बैज ने पार्टी के सांगठनिक बदलावों और नए प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति पर विचार रखते हुए पूर्व प्रभारी सचिन पायलट के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में बूथ, मंडल, पंचायत और जिला स्तर तक संगठन का विस्तार हुआ और जनहित के मुद्दों पर आक्रामक लड़ाई लड़ी गई। नए प्रभारी सुखदेव भगत का स्वागत करते हुए बैज ने कहा कि वे एक अनुभवी और वरिष्ठ आदिवासी नेता हैं। उनके दीर्घकालिक संगठनात्मक अनुभव का सीधा लाभ छत्तीसगढ़ कांग्रेस को मिलेगा, जिससे संगठन को और अधिक गति मिलेगी।
सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखा तंज
दीपक बैज ने प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री खुद को सच्चा आदिवासी मानते, तो ‘विश्व आदिवासी दिवस’ के अवसर पर बधाई संदेश जरूर जारी करते। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव के कारण मुख्यमंत्री बधाई देने से भी पीछे हट गए।
Gen Z और रील-गाने की राजनीति
युवाओं (Gen Z) से जुड़े सवाल पर बैज ने कटाक्ष किया कि वर्तमान सरकार के पास जनहित के कार्य करने की फुर्सत नहीं है। सत्ताधारी दल के नेता केवल ‘रील’ और ‘गाने’ बनाने की राजनीति में व्यस्त हैं। प्रशिक्षण शिविर के परिणामों पर बात करते हुए दीपक बैज ने कहा कि तीन दिवसीय गहन मंथन से संगठनात्मक ज्ञान का ‘अमृत’ निकला है। इस शिविर में प्रशिक्षित ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष और मास्टर ट्रेनर्स अपने-अपने क्षेत्रों में जाएंगे और राज्य सरकार की विफलताओं व जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मजबूती से संघर्ष करेंगे।

