CG-स्कूलों में छुट्टी की घोषणाः चक्रवाती तूफान का स्कूलों पर असर, डीईओ ने जारी किया अवकाश का आदेश…

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में स्कूलों की छुट्टी की घोषणा की गई है। डीईओ ने यह आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के मुताबिक, 27 अक्टूबर को जिले के सभी स्कूलों में अवकाश रहेगा।
दरअसल, बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान एवं अति बारिश के दृष्टिकोण से छात्र-छात्राओं को स्कूल पहुंचने में परेशानियां न हो इसे ध्यान में रखते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
दंतेवाड़ा जिले के सभी शैक्षणिक शासकीय-अशासकीय प्राथमिक शाला, माध्यममिक शाला हाई एवं हायर सेकेण्डरी विद्यालयों में एक दिवस अवकाश घोषित किया गया है। यह अवकाश शिक्षकों के लिए लागू नहीं होगा।
नीचे देखें सूची…
कलेक्टरों को 27 से 29 अक्टूबर तक विशेष एहतियात बरतने के निर्देश
बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का प्रभाव छत्तीसगढ़ राज्य में पड़ने की संभावनाओं के मद्देनजर शासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसे लेकर मंत्रालय महानदी भवन में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें राज्य के सभी जिलों के कलेक्टरों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं
अपर मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि चक्रवात से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखी जाए और मौसम संबंधी चेतावनियों को पूरी गंभीरता से लिया जाए। बैठक में मुख्य जोर शून्य जनहानि सुनिश्चित करने पर रहा। इसके तहत विशेष रूप से दक्षिण बस्तर क्षेत्र के बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर और नारायणपुर जिलों में अत्यधिक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं, जहां तेज हवाएं चलने की संभावना है। राहत शिविरों को 24 घंटे संचालित रखने और उनमें सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है। स्वास्थ्य सचिव को चिकित्सा सुविधाओं की निर्बाध उपलब्धता के निर्देश दिए गए हैं, साथ ही गर्भवती महिलाओं की सूची तैयार कर उन्हें आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के प्रबंध करने को कहा गया है।
किसानों को फसलों से संबंधित विस्तृत एडवाइजरी जारी करने तथा चक्रवात से फसलों और पशुधन को होने वाले नुकसान को न्यूनतम करने के कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूली बच्चों और आंगनबाड़ी केंद्रों के छोटे बच्चों की सुरक्षा के लिए स्थानीय परिस्थितियों का आकलन कर सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

