CG: बीएसपी स्क्रैप चोरी कांडः एक और आरोपी गिरफ्तार, अबतक 16 पकड़ाए, 3.22 करोड़ की संपत्ति जब्त, पुलिस ने ऐसे किया रैकेट का भंडाफोड़

CG: बीएसपी स्क्रैप चोरी कांडः एक और आरोपी गिरफ्तार, अबतक 16 पकड़ाए, 3.22 करोड़ की संपत्ति जब्त, पुलिस ने ऐसे किया रैकेट का भंडाफोड़

CG: दुर्ग। छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस ने बीएसपी में स्क्रैप और कोयला चोरी मामले में बड़ा खुलासा किया है। पुलिस की टीम ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। अबतक इस मामले में कुल 16 आरोपियों को पकड़ा गया है। इनमें मास्टरमाइंड समेत बीएसपी के अधिकारी-कर्मचारी भी है। आरोपियों के कब्जे से कुल 3.22 करोड़ की संपत्ति भी जब्त की जा चुकी  है।

जानिए पूरा मामला 

बता दें कि 26 मई को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम अकलोरडीह, खदानपारा स्थित एके ट्रेडर्स व प्लॉट क्रमांक-18, एचआईए हथखोज भिलाई में पुलिस टीम द्वारा जांच की गई। मौके पर विभिन्न हाईवा, ट्रक व अन्य वाहनों में फ्लू डस्ट के साथ लोहे की प्लेट, बीम व कटिंग सामग्री भरी पाई गई। साथ ही बड़ी मात्रा में लौह स्क्रैप अलग-अलग स्थानों पर संग्रहित मिला।

जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपियों द्वारा संगठित रूप से भिलाई इस्पात संयंत्र से फ्लू डस्ट परिवहन के दौरान लौह स्क्रैप की चोरी कर उसे उक्त स्थान पर अवैध रूप से संग्रहित किया जा रहा था। मौके से लगभग 250 टन वजनी लौह प्लेट, बीम कटिंग व अन्य स्क्रैप सामग्री जब्त की गई। इसके अतिरिक्त स्क्रैप परिवहन व लोडिंग में प्रयुक्त वाहन, हाईड्रा, जेसीबी व अन्य मशीनरी भी जब्त की गई।

पूछताछ में खुलासा

जाँच के दौरान आरोपी हेमंत देवांगन की संलिप्तता होने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हिमांशु ब्रदर्स कंपनी में लोडर ऑपरेटर के रूप में कार्य करता था। गिरोह के सदस्यों द्वारा उससे रात के समय लौह स्क्रैप के साथ-साथ कोक/कोयला भी लोड कराया जाता था, जिसे फ्लू डस्ट के भीतर छिपाकर हाईवा वाहनों के माध्यम से भिलाई इस्पात संयंत्र से बाहर भेजा जाता था। आरोपी की संलिप्तता की पुष्टि होने पर लोडर जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया। मालूम हो कि प्रकरण में अब तक कुल 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

ऐसे देते थे घटना को अंजाम

संगठित गिरोह द्वारा भिलाई इस्पात संयंत्र से फ्लू डस्ट परिवहन के दौरान लौह स्क्रैप व कोक/कोयला को फ्लू डस्ट के नीचे छिपाकर हाईवा वाहनों से बाहर भेजा जाता था और फिर बाद में उसे अवैध रूप से संग्रहित कर बेचा जाता था।

घटनास्थल 

ग्राम अकलोरडीह, खदानपारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स एवं प्लॉट क्रमांक-18, एच.आई.ए. हथखोज, भिलाई।

आरोपी का नाम 

1. हेमंत देवांगन, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम मोखा, जिला धमतरी।

दुर्ग पुलिस की अपील 

दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की चोरी, अवैध कारोबार अथवा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। संगठित अपराध में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *