CG: खूंखार डकैत गिरोह का भंडाफोड़, 1000 CCTV और AI ट्रैकिंग की मदद से ऐसे पकड़ाए, 100 से ज्यादा वारदात… पिस्तौल, कट्टा, कारतूस जब्त

CG: खूंखार डकैत गिरोह का भंडाफोड़, 1000 CCTV और AI ट्रैकिंग की मदद से ऐसे पकड़ाए, 100 से ज्यादा वारदात… पिस्तौल, कट्टा, कारतूस जब्त

CG: बलौदाबाजार-भाटापारा। छत्तीसगढ़ के भाटापारा पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस की टीम ने 4 शातिर व खूंखार डकैत को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने अबतक के 100 से ज्यादा वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने इन डकैतों को पकड़ने के लिए 1000 सीसीटीवी और एआई ट्रैकिंग की मदद ली थी।

जानिए घटनाक्रम

दरअसल, 16 जुलाई की सुबह 9:30 बजे ग्राम रोहरा निवासी दीपक ज्वेलर्स के संचालक बलराम सोनी अपनी एक्टिवा (CG 22 AG 7852) से तरेंगा से रोहरा जा रहे थे। रोहरा हाई स्कूल के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार 4 नकाबपोश अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने प्रार्थी पर हमला कर मोबाइल व स्कूटी की चाबी छीनी और बैग में रखे 13 किग्रा चांदी व 70 ग्राम सोना (कुल कीमती 12,00,000) लूट कर फरार हो गए। पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना भाटापारा ग्रामीण में अपराध क्र. 404/2026, धारा 309(6) BNS के तहत मामला दर्ज कर जाँच में लिया गया।

घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी गौरव राय के निर्देश में ASP हेमसागर सिदार व ASP खोमन सिन्हा व DSP कौशल किशोर वासनिक के नेतृत्व में एसडीओपी भाटापारा तारेश साहू के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया।

CCTV फुटेज विश्लेषण

निरीक्षक हेमंत पटेल (थाना प्रभारी, भाटापारा ग्रामीण) व निरीक्षक प्रणाली वैद्य (प्रभारी, साइबर सेल) की संयुक्त टीम ने तरेंगा, मारो, बेमेतरा, मुंगेली, तखतपुर, बिलासपुर तथा रतनपुर मार्ग तक फैले 1,000 से अधिक CCTV फुटेजों को खंगाला।

AI एवं साइबर इंटेलिजेंस

जांच में न केवल वीडियो फीड बल्कि विभिन्न डेटा पैटर्न के विश्लेषण के लिए AI तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल किया गया, जिससे संदिग्धों की गतिविधि का रूट-मैप तैयार हुआ।

सटीक दबिश

साइबर सेल की तकनीकी जांच और सक्रिय मुखबिर तंत्र की सटीक सूचना के आधार पर आरोपियों के छिपने के संभावित ठिकानों पर योजनाबद्ध दबिश देकर चारों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

ऐसे देते थे अपराध को अंजाम

आरोपियों द्वारा घटना को अंजाम देने से पूर्व संबंधित स्थान की रेकी की जाती थी, फिर भागने के संभावित रास्तों का मुआयना कर योजना बनाई जाती थी। मौका मिलते ही आरोपी घातक हथियारों का भय दिखाकर पीड़ितों पर जानलेवा हमला कर लूटपाट करते थे। वारदात के बाद पुलिस को गुमराह करने और पकड़ में आने से बचने के लिए आरोपी तेज रफ्तार बाइक से अलग-अलग रास्तों व बाईक/चारपहिया वाहन का इस्तेमाल कर फरार हो जाते थे। इस दौरान पुलिस टीम द्वारा उच्च कोटि की दक्षता, बेहतरीन आपसी समन्वय व मजबूत टीम वर्क का परिचय देते हुए धैर्य से घटना के दौरान बारिक से बारीक मिले इनपुट के आधार पर आरोपियों का पीछा किया गया। साथ ही पूरे लूट नेटवर्क का पता लगाया गया, जिससे इन खतरनाक आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली।

चारों आरोपी शातिर और खूंखार

पकड़े गए चारों आरोपी शातिर व खूंखार किस्म के अंतरराज्यीय अपराधी है। इनके खिलाफ उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के विभिन्न थानों में हत्या, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, गंभीर मारपीट आदि के तथा लगभग 10 करोड से भी अधिक कीमत मूल्य के लूट, डकैती, चोरी आदि के 100 से अधिक गंभीर मामले दर्ज है। यह गिरोह घटना को अंजाम देते समय पिस्तौल व धारदार हथियारों से लैस रहता था और विरोध करने पर जानलेवा हमला करने से भी नहीं हिचकिचाता था।

जाँच में पता चला है कि आरोपियों द्वारा थाना सिमगा व भाटापारा ग्रामीण क्षेत्र अंतर्गत निम्न दो अन्य अपराध को भी घटित किया गया था।

1. 5.9.2024 को घटनास्थल भाटापारा मेनरोड ग्राम देवरीडीह तिराहा के पास आयुष ज्वेलर्स के संचालक से सोने चांदी के आभूषण लूटने की घटना।

2. 4.7.2022 को महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक से ग्राम रोहरा हाई स्कूल के पास सोने चांदी के जेवर एवं नगदी लूटने की घटना।

गिरफ्तार आरोपी 

1. बबलू पाण्डेय उर्फ शत्रुहन, उम्र 48 वर्ष, ग्राम बेनीपुरपानी, थाना मऊ, जिला चित्रकूट (उ.प्र.)

2. जयदीप गुप्ता, उम्र 43 वर्ष, थाना के पास गोविन्दगढ़, जिला रीवा (म.प्र.)

3. जिआ उल हक, उम्र 42 वर्ष, बोधईपूर्वा, थाना कोतवाली देहात, जिला गोण्डा (उ.प्र.)

4. गंगासागर पाण्डेय, उम्र 42 वर्ष, ग्राम बेनीपुरपानी, थाना मऊ, जिला चित्रकूट (उ.प्र.)

बरामद सामग्री

1 अवैध आग्नेयास्त्र व हथियार:

1 पिस्तौल (अनलोड मैगजीन सहित) + 05 जिंदा कारतूस

1 देशी कट्टा + 09 जिंदा कारतूस

1 लोहे की धारदार तलवार

1 महिंद्रा स्कॉर्पियो (Scorpio) एवं 02 मोटरसाइकिलें

* लगभग 1,00,000 मूल्य के चांदी के जेवर

* नगद राशि 10,620

* अन्य: 05 नग एंड्रॉइड/कीपैड मोबाइल फोन, पुलिस द्वारा आरोपियों से चांदी के जेवर, मोबाइल, चार पहिया/दोपहिया वाहन सहित कुल 26 लाख का सामान बरामद किया गया है।

जनता से पुलिस की अपील 

बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस समस्त नागरिकों, व्यवसायियों एवं दुकानदारों से अपील करती है कि:-

1. CCTV नेटवर्क का विस्तार करें: अपने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, घरों तथा दुकानों के बाहर मुख्य सड़कों की ओर कवर करने वाले हाई-डेफिनिशन CCTV कैमरे अवश्य लगाएं। यह सुरक्षा व्यवस्था अपराधियों को पकड़ने में अत्यंत निर्णायक सिद्ध होती है।

2. सामुदायिक सतर्कता व सहयोग: किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अनजान वाहन या व्यक्ति की संदिग्ध आवाजाही दिखने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। आपका सहयोग ही अपराध-मुक्त समाज की कुंजी है।

3. किरायेदारों की जानकारी अवश्य साझा करें: कृपया सभी मकान मालिक/किरायेदार अपने किरायेदारों का पुलिस सत्यापन कराएं, उनकी जानकारी समाधान ऐप में दर्ज करें तथा नए किरायेदार की सूचना तुरंत निकटतम थाना में दें। यह सुरक्षा एवं अपराध रोकथाम के लिए आवश्यक है।

4. आपसी समन्वय एवं सहयोग से ही ऐसे अपराधों का प्रभावी मुकाबला संभव है।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *