Baba Sambhav Ram: संस्कार, अनुशासन और प्रेरणा से ही भारत बनेगा महान राष्ट्र: बाबा संभव राम

Baba Sambhav Ram: संस्कार, अनुशासन और प्रेरणा से ही भारत बनेगा महान राष्ट्र: बाबा संभव राम

Baba Sambhav Ram: वाराणसी। 15 अगस्त, 2026 को अघोर पीठ, श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान पड़ाव, वाराणसी में श्री सर्वेश्वरी समूह के अध्यक्ष पूज्यपाद औघड़ बाबा गुरुपद संभव राम जी के सान्निध्य में आजादी का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

स्वतंत्रता दिवस के इस शुभ अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों, अध्यापक-अध्यापिकाओं, अभिभावकों, श्रद्धालुओं और विशिष्टजनों को संबोधित करते हुए श्री सर्वेश्वरी समूह के अध्यक्ष बाबा औघड़ संभव राम जी ने कहा कि आज हम सभी ने हमारे इस विद्यालय के बालक-बालिकाओं द्वारा दी गई प्रस्तुति को देखा। हर एक प्रस्तुति में एक प्रेरणा थी, एक संदेश था, जिसका पालन करना हम सबके और राष्ट्र के हित में होगा।

गुरुजनों और माता-पिता से प्राप्त शिक्षाओं के माध्यम से संस्कार युक्त शिक्षायें प्राप्त करके हम बहुत ऊँचाई तक पहुँच सकते हैं जो हमारे समाज और राष्ट्र के लिए बहुत ही कल्याणप्रद होगा। विशेषकर मुझे यह भी कहना है कि अभिभावक, माता-पिता या जो भी बड़े लोग हैं, वे बालक-बालिकाओं के सामने कोई ऐसा व्यवहार-आचरण न करें जिसको देखकर वह गलत रास्ते पर चले जायँ। क्योंकि बड़ों का व्यवहार जो बच्चे देखते हैं, वही सीखते हैं और उनके कोमल मन पर वही प्रभाव या दुष्प्रभाव पड़ता है। इसीलिए बच्चों की प्रगति के लिए हमें अपने-आप को अनुशासित व संयमित रखना होगा। अपने अच्छे विचारों को केवल विद्यालय में ही नहीं, अपितु घरों में भी देना होगा, तभी हमारा यह देश महान बनेगा, आनेवाली पीढ़ी दिग्भ्रमित नहीं होगी, भटकेगी नहीं। बच्चों को बराबर प्रेरणा देते रहना अभिभावकों का भी कर्तव्य है।

इससे पूर्व प्रतिवर्ष की भांति सुबह 8:30 बजे अवधूत भगवान राम नर्सरी विद्यालय के छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, संस्था के पदाधिकारियों, आश्रमवासियों तथा श्रद्धालुओं की उपस्थिति में ध्वजारोहण कार्यक्रम संपन्न किया गया। अवधूत भगवान राम नर्सरी विद्यालय की छात्रा अनन्या राठौर व छात्र अभास ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्र गान और राष्ट्र गीत के पश्चात् बिलासपुर,छत्तीसगढ़ से पधारे सुनील कुमार सोनी ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आप सब बहुत सौभाग्यशाली हैं जो इस पुनीत प्रांगण में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।

अघोरेश्वर महाप्रभु ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि बताया है और यह भी कहा है कि आज का कर्म कल का भविष्य होता है। इसके अलावा लायंस क्लब, वाराणसी के अध्यक्ष अश्वनी कुमार सिंह तथा चेयरपर्सन सुनील कुमार टंडन ने भी बच्चों को संबोधित किया। ध्वजारोहण कार्यक्रम का सञ्चालन शिक्षक ज्ञानेंद्र ने किया। तत्पश्चात् लायंस क्लब द्वारा अवधूत भगवान राम नर्सरी विद्यालय के अध्यापक-अध्यापिकाओं को अंग-वस्त्र तथा स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

इसके बाद लगभग 10:30 बजे आश्रम के मुख्य सभागार में पूज्यपाद बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम जी की उपस्थिति में नर्सरी विद्यालय के बच्चों ने बहुत ही प्रेरणादायी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। भक्ति, देशभक्ति तथा विद्यार्थियों के लिए उत्साहवर्धक प्रेरक कविता व नृत्य के साथ ही देश को गुलामी से आजादी दिलाने में वीर शिवाजी, रानी लक्ष्मी बाई, सुबाषचंद्र बोस, महात्मा गाँधी के योगदान को याद दिलाने वाली प्रस्तुति का सजीव चित्रण बच्चों ने प्रस्तुत किया।

तत्पश्चात् सत्र 2025-26 के प्रथम स्थानप्राप्त विद्यार्थियों को पूज्यपाद बाबा जी ने स्वर्ण-पदक, प्रशस्ति-पत्र एवं मेधा छात्रवृत्ति तथा द्वितीय व तृतीय स्थानप्राप्त को क्रमशः उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य सेवाओं के पूर्व अपर निदेशक डॉ. वी.पी. सिंह एवं श्री सुरेश सिंह जी (उपाध्यक्ष, श्री सर्वेश्वरी समूह) ने प्रशस्ति-पत्र व मेधा छात्रवृत्ति प्रदान किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. वी.पी. सिंह ने बच्चों को संबोधित करते हुये उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के अंत में प्रोजेक्टर द्वारा चलचित्र के माध्यम से बच्चों व उपस्थित लोगों को स्वस्थ्य रक्षा एवं सर्पदंश से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक देवेन्द्र कुमार सिंह ने सभी को धन्यवाद दिया । प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रम का सञ्चालन विद्यालय के शिक्षक विजय प्रताप ने किया। स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित समस्त कार्यक्रम सभी अध्यापक और अध्यापिकाओं ने बहुत ही सुन्दर ढंग से संपन्न कराया।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *