Ambikapur News: बिजली गिरने से तीन की मौत, आम बीनने गए थे, तभी आसमानी आफत कहर बनकर गिरी, मृतकों में दो बच्चे भी…

Ambikapur News: अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले से हृदयविदारक घटना सामने आई है। आम बीनने के दौरान तीन लोगों पर बिजली गिर गई। घटना में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चे और एक युवक शामिल है। घटना धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डुमकी की है।
जानकारी के मुताबिक, आज शाम 4 बजे डुमकी निवासी रामसाय 36 वर्ष प्राथमिक शाला के पास मवेशी चरा रहा था। इसी बीच मौसम में बदलाव हुआ और तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश होने लगी।
तेज हवा के बीच पांच वर्षीय बालक सागर गांव के आम पेड़ के पास आम बीनने पहुंचा। सागर को आम बीनते देख नौ वर्षीय रानी भी वहां पहुंची। दोनों आम बीन रहे थे। इसी बीच जोरदार बारिश होने लगी।
बारिश से बचने के लिए दोनों बच्चे आम पेड के नीचे खड़े हो गए। वहीं, मवेशी चरा रहा रामसाय भी पेड़ के नीचे पहुंचा। तीनों आम पेड़ के नीचे थे, तभी तेज गर्जना के साथ बिजली गिर गई। घटना में तीनों बुरी तरह झुलस गए।
बिजली गिरने की सूचना के बाद मौके पर ग्रामीण और बच्चों के परिजन पहुंचे। लोगों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में ग्रामीणों ने तीनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जांच के दौरान तीनों की मौत की पुष्टि डाॅक्टरों ने की।
पुलिस ने तीनों के शव का पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए धौरपुर अस्पताल भेजा। साथ ही मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
वहीं, इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि 9 वर्षीय बालिका कुमारी रानी ग्राम दुप्पी की रहने वाली थी। डुमकी में अपने परिजनों के साथ रिश्तेदार के घर पहुंची थी। इसी दौरान आम बीनने के लिए पहुंची थी, तभी ये हादसा हो गया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

