हाई कोर्ट का बड़ा फैसला: स्वास्थ्य विभाग के समान आयुष फार्मासिस्टों को भी मिलेगा 2400 ग्रेड-पे, हाई कोर्ट बोला-समान पद व काम पर अलग-अलग तारीख से वेतनमान नहीं

फाइल फोटो क्रिएट – npg
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के आयुष विभाग में कार्यरत फार्मासिस्ट ग्रेड-दो को भी अब स्वास्थ्य विभाग के समान 1 अप्रैल 2006 से 2400 ग्रेड-पे का लाभ मिलेगा। छत्तीसगढ़ बिलासपुर हाई कोर्ट ने फार्मासिस्टों की याचिका का निराकरण करते हुए राज्य शासन को 5200-20200 वेतनमान और 2400 ग्रेड-पे का लाभ 1 जनवरी 2016 के बजाय 1 अप्रैल 2006 से देने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही कर्मचारियों के वेतन निर्धारण और अन्य सेवा लाभों में भी आवश्यक संशोधन करना होगा। अदालत ने स्पष्ट किया है कि यह पूरी प्रक्रिया आदेश की प्रति प्राप्त होने के चार महीने के भीतर पूरी करनी होगी।
छत्तीसगढ़ बिलासपुर जिले के अमरकंठ प्रसाद राज और कुंज बिहारी बिरको,सालिक राम बिरको, रायपुर जिले के चंपालाल दीवान, मुंगेली जिले के नीरसिंह ध्रुव ने छत्तीसगढ़ बिलासपुर हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। ये सभी कर्मचारी आयुष विभाग के अंतर्गत संचालित सरकारी आयुर्वेद औषधालयों में फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत हैं। लंबे समय से वे समान वेतनमान और ग्रेड-पे की तिथि में सुधार की मांग को लेकर प्रयासरत थे।
स्वास्थ्य विभाग और श्रम विभाग के कर्मचारियों को पहले मिल चुका था लाभ
याचिकाकर्ताओं की ओर से पैरवी करते हुए अधिवक्ता रेशम लाल जायसवाल ने अदालत को बताया कि स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत फार्मासिस्ट ग्रेड-दो को 5200-20200 वेतनमान और 2400 ग्रेड-पे का लाभ 1 अप्रैल 2006 से दिया जा रहा है, जबकि आयुष विभाग के कर्मचारियों को यह लाभ 1 जनवरी 2016 से मिल रहा है। याचिका में समान काम और समान पद होने के बावजूद अलग-अलग तारीख से वेतनमान व ग्रेड-पे दिए जाने को चुनौती दी गई थी।
अधिवक्ता जायसवाल ने कोर्ट को इस बात की भी जानकारी दी इससे पहले श्रम विभाग के फार्मासिस्टों ने भी इसी मांग को लेकर हाई कोर्ट में याचिका लगाई थी। उनके पक्ष में फैसला आया था।
राज्य शासन ने नहीं किया विरोध
याचिका की सुनवाई जस्टिस बीडी गुरु के सिंगल बेंच में हुई। सुनवाई के दौरान राज्य शासन की ओर से अधिवक्ता अक्षय उप्पल ने याचिकाकर्ताओं की मांग का कोई विरोध नहीं किया। हालांकि, उन्होंने यह जरूर कहा कि संबंधित कर्मचारियों को यह लाभ प्रदान करने से पहले उनके विभागीय अभिलेखों और पात्रता का विधिवत सत्यापन किया जाना चाहिए।
हाई कोर्ट ने पूर्व में पारित न्यायिक निर्णयों को आधार बनाते हुए कहा कि वर्तमान याचिका का विवाद भी उन्हीं पूर्व निर्णयों से पूरी तरह जुड़ा हुआ है। ऐसे में इस मामले में अलग दृष्टिकोण अपनाने का कोई औचित्य नहीं है।
चार महीने में करना होगा वेतन निर्धारण
हाई कोर्ट ने याचिकाकर्ता फार्मासिस्टों को 1 अप्रैल 2006 से 5200-20200 वेतनमान के साथ 2400 ग्रेड-पे का लाभ देने का निर्देश दिया है। कोर्ट के निर्देश के मद्देनजर कर्मचारियों के वेतन का दोबारा निर्धारण किया जाएगा और अन्य सेवा लाभों में भी संशोधन करना होगा। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा है, यह लाभ कर्मचारियों की पात्रता तथा संबंधित विभागीय अभिलेखों के सत्यापन के अधीन रहेगा और राज्य शासन को आदेश की प्रति मिलने के चार महीने के भीतर समूची प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

