रायपुर की बस्तियों में बेच रहा था नाइट्रोसन-10 टेबलेट, पुलिस ने नाबालिग को 4.80 लाख की 1200 टेबलेट के साथ किया गिरफ्तार…

रायपुर। राजधानी रायपुर की कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के खिलाफ एक बार फिर से बड़ी कार्रवाई की है। 1200 नाइट्रोसन-10 टेबलेट के साथ नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी बालक बस्ती में नशीली टेबलेट को खपा रहा था। आरोपी के कब्जे से 4.80 लाख की दवा जब्त की गई है।
जानिए पूरा मामला
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त व प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 23 अक्टूबर 2026 को एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की टीम को सूचना मिली कि थाना डी.डी.नगर क्षेत्र के डंगनिया स्थित खदान बस्ती में एक युवक प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचने के लिए ग्राहक खोज रहा है। शिकायत को DCP क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला व DCP पश्चिम जोन रॉबिन्सन गुरिया द्वारा गंभीरता से लिया गया और थाना प्रभारी को तत्काल आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए।
क्राईम एण्ड साईबर यूनिट, एण्टी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स व थाना डीडी नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक की पतासाजी की। युवक की पहचान कर घेराबंदी करते हुए उसे पकड़ा गया। आरोपी विधि से संघर्षरत बालक निकला।
प्रतिबंधित नशीली टेबलेट जब्त
संयुक्त टीम द्वारा बालक के पास रखे थैले की तलाशी लेने पर उसमें प्रतिबंधित नशीली टेबलेट नाइट्राजेपम (नाइट्रोसन-10) बरामद हुई। टेबलेट रखने व उनकी बिक्री के संबंध में वैध दस्तावेज मांगने पर पेश नहीं कर सका। प्रारंभिक पूछताछ में उक्त प्रतिबंधित नशीली टेबलेट ओडिशा से लाना बताया।
नाबालिग बालक के कब्जे से अलग-अलग स्ट्रीप में रखें कुल 1,200 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट नाइट्राजेपम (नाइट्रोसन-10) कीमत लगभग 4,80,000 (चार लाख अस्सी हजार रूपये) जब्त कर थाना डीडी में धारा 22(सी) नारकोटिक एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की गई।
तस्करी नेटवर्क की जांच जारी
बालक से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट की उपलब्धता, परिवहन, अवैध बिक्री एवं सप्लाई नेटवर्क के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा प्रकरण में बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज की जांच करते हुए टेबलेट की आपूर्ति करने वाले स्रोतों तथा इसकी बिक्री एवं सप्लाई में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रकरण में सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर अन्य संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

