छत्तीसगढ़ में मौसम का यू-टर्न: राजधानी रायपुर समेत 21 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट, गर्मी से मिलेगी बड़ी राहत

छत्तीसगढ़ में मौसम का यू-टर्न: राजधानी रायपुर समेत 21 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट, गर्मी से मिलेगी बड़ी राहत

फोटो सोर्स- गूगल, एडिटेड बाय- NPG न्यूज़

CG Weather News Today: छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए चिलचिलाती धूप और उमस के बीच एक राहत भरी खबर सामने आ रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि हवा में नमी की मात्रा बढ़ने के कारण राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में मौसमी गतिविधियों में तेजी आएगी। इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

इन 21 जिलों में दिखेगा असर

मौसम विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर से लेकर दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुल 21 जिलों में मौसम करवट ले सकता है। इनमें सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर जैसे प्रमुख जिले शामिल हैं। इन इलाकों में न सिर्फ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं, बल्कि कुछ जगहों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।

तापमान का उतार-चढ़ाव

पिछले कुछ दिनों में प्रदेश के अलग-अलग शहरों के तापमान में काफी अंतर देखने को मिला है। जहां एक तरफ राजनांदगांव जिला 42 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ सबसे गर्म इलाका दर्ज किया गया, वहीं दूसरी तरफ पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जिससे वहां रातें काफी ठंडी रही। बात अगर राजधानी रायपुर की करें, तो यहां फिलहाल दिन का पारा 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, लेकिन आने वाले वक्त में इसमें कमी आने के संकेत हैं।

राजधानी रायपुर को भी मिलेगी उमस से मुक्ति

रायपुर और उसके आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को जल्द ही उमस भरे माहौल से निजात मिल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी में दिनभर बादलों की आवाजाही लगी रहेगी। शहर के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने की पूरी संभावना है। मौसम के इस यू-टर्न से न केवल तापमान नीचे आएगा, बल्कि पिछले कुछ दिनों से परेशान कर रही चिपचिपी गर्मी से भी लोगों को काफी हद तक सुकून मिलेगा।

पिछले 24 घंटों में यहां हुई अच्छी बारिश

मौसम में यह बदलाव अचानक नहीं हुआ है, बल्कि पिछले 24 घंटों से राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। बीते कल दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा क्षेत्र में सबसे ज्यादा 3 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा कोरबा और पेंड्रा रोड में भी 2-2 सेंटीमीटर पानी गिरा। छत्तीसगढ़ के अन्य प्रमुख पर्यटन और पहाड़ी क्षेत्रों जैसे मैनपाट, कटघोरा, सूरजपुर और कांसाबेल में भी हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई है, जिससे मौसम खुशनुमा बना हुआ है।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *