दिवाली पर CM साय ने युवाओं को दिया सरकारी नौकरी का तोहफा: इतने हजार पदों पर भर्ती का शेड्यूल जारी, आवेदन शुरू, जानें नियम और शर्तें

रायपुर : छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए दिवाली से पहले बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने बेरोजगार युवाओं के लिए नौकरियों का पिटारा खोल दिया है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने समूह-2, तृतीय श्रेणी (स्नातकोत्तर एवं स्नातक स्तर), उपसमूह-02 के अंतर्गत अलग-अलग विभागों में 1,703 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। खास बात यह है कि कर्मचारी चयन मंडल पहली बार इन पदों के लिए लिखित भर्ती परीक्षा आयोजित करने जा रहा है।
सहायक ग्रेड-3 और ASI समेत किन पदों पर होगी भर्ती?
जारी अधिसूचना के मुताबिक कुल 1,703 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिनमें सबसे बड़ी संख्या सहायक ग्रेड-3 के पदों की है। पदों का विवरण इस प्रकार है:
- सहायक ग्रेड-3 : 1,206 पद
- सहायक उप निरीक्षक (जिला इकाई संवर्ग) : 279 पद
- पंजीयक लिपिक : 50 पद
- सहायक उप निरीक्षक-अ (सामान्य शाखा) : 40 पद
- उप निरीक्षक-अ (शीघ्रलेखक, सामान्य शाखा) : 34 पद
- शीघ्रलेखक (हिंदी) : 30 पद
- डाटा एंट्री ऑपरेटर : 25 पद
- स्टेनो टाइपिस्ट : 23 पद
- शीघ्रलेखक (द्विभाषी) : 13 पद
- शीघ्रलेखक (अंग्रेजी) : 03 पद
आवेदन की तारीखें और परीक्षा का पूरा शेड्यूल
कर्मचारी चयन मंडल के अनुसार इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 5 नवंबर से शुरू हो चुकी है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 27 नवंबर 2026 की शाम 5 बजे तक ऑनलाइन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
यदि फॉर्म भरते समय कोई गलती हो जाती है, तो उसके लिए 28 नवंबर से 30 नवंबर 2026 शाम 5 बजे तक त्रुटि सुधार (Correction Window) का मौका दिया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को आधिकारिक वेबसाइट पर एडमिट कार्ड जारी कर दिए जाएंगे। लिखित परीक्षा 10 जनवरी 2027 को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक राज्य के पांच संभागीय मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी।
परीक्षा में शामिल होने पर वापस मिलेगी पूरी फीस
इस भर्ती की सबसे बड़ी और राहत भरी बात यह है कि छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क वापस किया जाएगा। नियम के मुताबिक, जो स्थानीय अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में उपस्थित होंगे, उनकी पूरी फीस उसी बैंक खाते में रिफंड कर दी जाएगी, जिसके जरिए उन्होंने भुगतान किया था। भर्ती से जुड़ी विस्तृत योग्यता, पात्रता और ऑनलाइन आवेदन के लिए अभ्यर्थी मंडल की आधिकारिक वेबसाइट cgssb.cgstate.gov.in पर जाकर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

