रायपुर में आज निकलेगी गणेश विसर्जन झांकी, कई रास्ते रहेंगे बंद, घर से निकलने से पहले जान लें पूरा रूट, वरना होगी परेशानी

रायपुर में आज निकलेगी गणेश विसर्जन झांकी, कई रास्ते रहेंगे बंद, घर से निकलने से पहले जान लें पूरा रूट, वरना होगी परेशानी

इमेज- इंटरनेट 

Raipur Traffic Advisory

Ganesh Visarjan Jhanki 2026: रायपुर l छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हर साल गणेश उत्सव समाप्त होने के बाद बड़े ही धूम-धाम से गणेश विसर्जन झांकी निकाली जाती है. इस साल 28 सितंबर सोमवार यानी गणेश झांकी निकलने वाली हैं. ऐसे में समारोह को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था और सुरक्षा देखते हुए कई बदलाव किया है. जिला प्रशासन ने गणेश उत्सव को लेकर गाइडलाइन जारी किया है. 

इन मार्गों से निकलेगी झांकी 

गणेश विसर्जन झांकी शारदा चौक से शुरू होकर जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदर बाजार, कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती थाना तिराहा, लाखेनगर चौक, सुंदरनगर रोड और रायपुरा चौक होते हुए महादेव घाट तक पहुंचेगी. ऐसे में यातायात पुलिस ने भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है. 

सोमवार शाम छह बजे से झांकी मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का आना जाना प्रतिबंधित रहेगा. केवल झांकी में शामिल वाहन और पैदल श्रद्धालु ही जा सकते हैं. साथ ही यातायात पुलिस ने अपील की है कि जरूरी काम होने पर घर से निकलने से पहले वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें और प्रतिबंधित झांकी मार्गों पर वाहन लेकर न जाएं.

ये मार्ग रहेंगे प्रतिबंधित 

शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक, आश्रम तिराहा से शारदा चौक-जयस्तंभ चौक, सुभाष नगर चौक-मौदहापारा से जयस्तंभ चौक, फायर ब्रिगेड चौक से कोतवाली, बुढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक से कोतवाली, लाखेनगर चौक से पुरानी बस्ती थाना, बुद्धेश्वर चौक से पुरानी बस्ती थाना और कंकालीपारा से सदर बाजार-कोतवाली मार्ग पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा.

तेलीबांधा से आने के लिए रास्ते 

तेलीबांधा से आने के लिए शास्त्री चौक, फाफाडीह चौक और रेलवे स्टेशन, कालीबाड़ी मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं.

टाटीबंध से आने वाले इन रास्तों का करें इस्तेमाल

टाटीबंध की ओर से आने वाले वाहन महोबाबाजार, चौबे कॉलोनी, समता कॉलोनी, तेलघानी नाका, रेलवे स्टेशन चौक, फाफाडीह चौक और शास्त्री चौक, टाटीबंध से रिंग रोड नंबर-1 होते हुए पचपेड़ीनाका मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं. 

भनपुरी की ओर से आने लिए 

भनपुरी की ओर से आने के लिए फाफाडीह चौक से रेलवे स्टेशन चौक और तेलघानी नाका होते हुए टाटीबंध और फाफाडीह चौक से शास्त्री चौक, कालीबाड़ी और पचपेड़ी नाका जा सकते हैं.

यहाँ पार्क करें गाड़ी 

भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने पार्किंग स्थल की व्यवस्था की है पंडरी की ओर से वाले लोग मल्टीलेवल पार्किंग और रजबंधा मैदान, सिविल लाइन की ओर से आने वाले शास्त्री मार्केट, सीरत मैदान और सुभाष स्टेडियम, टिकरापारा और कालीबाड़ी की ओर से आने वाले सप्रे शाला मैदान, इंडोर स्टेडियम और गांधी मैदान, गुढ़ियारी और समता कालोनी की ओर से  भैंसथान मैदान और जवाहर मार्केट पार्किंग, सुंदरनगर और रायपुरा की ओर से आने वाले लाखेनगर चौक स्थित हिंद स्पोर्ट्स मैदान में गाड़ी पार्क कर सकते हैं.

2000 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे

पुलिस कमिश्नरेट ने झांकी और विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं. झांकी के दौरान पूरे रूट को 20 सेक्टरों में बांटा गया हैं. इस दौरान 5 पुलिस अधीक्षक रैंक के अफसर, 30 से ज्यादा राजपत्रित अधिकारी और 2000 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे.

संवेदनशील एरिया में ड्रोन से निगरानी

पुलिस द्वारा सेंसिटिव एरिया, आउटर और भीड़भाड़ वाली जगहों पर ड्रोन से निगरानी रखी जाएगी. इन जगहों पर किसी तरह की अनहोनी की सूचना मिलने पर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई की जाएगी.

सादे कपड़ों पर तैनात रहेगी क्राइम की टीम

झांकी और विसर्जन के दौरान चाकूबाजों और शराबियों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों पर क्राइम की टीम तैनात रहेगी. यह टीम संदिग्ध गतिविधियों, असामाजिक तत्वों और हुल्ल्डबाजों पर नजर रखेगी। इस दौरान अगर कोई व्यक्ति चाकू या फिर अन्य हथियार के साथ पाया जाता है तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी.

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *