धमतरी और बलौदाबाजार में बाढ़ में फंसे 20 लोगों का रेस्क्यू, देर रात तक चला ऑपरेशन…

धमतरी-बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के धमतरी, बलौदाबाजार जिले में जवानों ने गहरे पानी को पार कर बाढ़ में फंसे लोगों और मावेशियों को बचाया।
धमतरी में 9 लोगों को बचाया गया
एसपी भावना पांडेय,के निर्देश पर करेलीबड़ी चौकी पुलिस ने बाढ़ की विषम परिस्थितियों में अदम्य साहस का परिचय देते हुए लोमस ऋषि आश्रम व गौशाला में फंसे 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। रेस्क्यू किए गए लोगों में 3 मासूम बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग साधु एवं एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति शामिल थे।
रात 10 बजे मिली सूचना
दिनांक 25 सितंबर 2026 की रात लगभग 10 बजे नवागांव के ग्रामीणों से सूचना प्राप्त हुई कि कुलेश्वर महादेव मंदिर के पास स्थित लोमस ऋषि आश्रम एवं गौशाला में कई लोग बाढ़ के पानी से घिर गए हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी सउनि राधेश्याम बंजारे पुलिस बल के साथ तत्काल मौके के लिए रवाना हुए।
3 किलोमीटर पैदल और 200 मीटर गहरे पानी को तैरकर पार किया
मगरलोड-राजिम मुख्य मार्ग से कुलेश्वर महादेव मंदिर के पास तक बाढ़ का पानी तेजी से बढ़ चुका था। आश्रम तक पहुंचने का सीधा रास्ता पूरी तरह बाधित होने के बावजूद पुलिस टीम ने हिम्मत नहीं हारी। जवानों ने नवागांव की ओर से नदी किनारे लगभग 3 किलोमीटर का कच्चा रास्ता पैदल तय किया।
इसके बाद चौकी प्रभारी राधेश्याम बंजारे, आरक्षक अनिल कुमार साहू एवं स्थानीय ग्रामीण नंदेश ध्रुव ने करीब 200 मीटर गहरे बाढ़ के पानी को तैरकर पार किया। टीम ने दो बार फेरे लगाकर आश्रम में फंसे लोगों तक पहुंच बनाई और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने की कार्यवाही शुरू की।
रात करीब 1 बजे तक चला साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन
लगातार बढ़ते जलस्तर और अंधेरे के बीच पुलिस टीम ने अत्यंत सावधानी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद देर रात करीब 1 बजे तक सभी 9 लोगों को सकुशल बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
सुरक्षित निकाले गए लोग
दुर्गेशचंद्र प्रधान (38 वर्ष), पत्नी पूनम प्रधान (30 वर्ष), उपासना (10 वर्ष), अघनी (6 वर्ष) एवं अंश प्रधान (2 वर्ष) – निवासी सुकली भाठा, देवभोग, जिला गरियाबंद।
नेहरू राम साहू (54 वर्ष) – निवासी झाझर झोरी, नवापारा, जिला रायपुर।
धारानंद महात्मा (81 वर्ष) – निवासी झबरा, जिला मैनपुरी, उत्तर प्रदेश।
फकलूरम महानंद (77 वर्ष) – निवासी पैण्ड्रावन, जिला नुवापाड़ा, ओडिशा।
एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति (उम्र लगभग 55 वर्ष)।
पुलिस एवं ग्रामीणों की संयुक्त मेहनत से सफल हुआ रेस्क्यू –
बाढ़ की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में पुलिस जवानों एवं ग्रामीणों की टीम ने समन्वय, साहस और तत्परता का परिचय देते हुए सभी फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। समय पर की गई इस कार्यवाही से 9 लोगों की जान सुरक्षित बचाई जा सकी। स्थानीय ग्रामीणों ने धमतरी पुलिस की इस साहसिक एवं मानवीय पहल की सराहना करते हुए पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
बलौदाबाजार-भाटापारा 11 ग्रामीणों व 9 मवेशियों का रेस्क्यू
एसपी गौरव राय के निर्देश में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस आपदा प्रबंधन एवं जन-सुरक्षा हेतु पूरी मुस्तैदी के साथ मैदान में डटी हुई है। आज 26 सितम्बर को जिले में हो रही लगातार भारी बारिश के कारण कई निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति निर्मित हो गई थी।
पुलिस, राजस्व प्रशासन एवं SDRF (राज्य आपदा मोचन बल) की टीमों ने तत्परता दिखाते हुए विभिन्न थाना क्षेत्रों में फंसे दर्जनों ग्रामीणों को सुरक्षित बचा लिया।
विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए रेस्क्यू
1. थाना सिमगा (ग्राम गणेशपुर):- ग्राम गणेशपुर में अचानक आए बाढ़ के पानी में 11 ग्रामीण फंस गए थे। सूचना मिलते ही सिमगा पुलिस, प्रशासन एवं SDRF की संयुक्त टीम मोटर बोट व जीवन रक्षक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने मुस्तैदी से कार्यवाही करते हुए सभी 11 ग्रामीणों को उनके सामान एवं घर में मौजूद 09 बकरियों (मवेशियों) के साथ सुरक्षित बाहर निकाला और राहत शिविर में पहुंचाया।
2. थाना गिधपुरी (ग्राम बिजराडीह):- ग्राम बिजराडीह में मूसलाधार बारिश के चलते निचले इलाकों में पानी भर जाने से 04 अलग-अलग परिवारों के महिला, पुरुष एवं बच्चों सहित कुल 17 लोग बाढ़ में फंस गए थे। गिधपुरी पुलिस, प्रशासन एवं SDRF की संयुक्त टीम ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी 17 व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
3. थाना लवन (ग्राम डोंगरीडीह):- ग्राम डोंगरीडीह में जलस्तर बढ़ने से कई ग्रामीण बाढ़ के पानी के बीच फंस गए थे। घटना की सूचना मिलते ही लवन पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और त्वरित कार्यवाही करते हुए सभी प्रभावित ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर बाहर निकाला।
प्रशासनिक सतर्कता एवं पुलिस की अपील
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जिले के सभी संवेदनशील, जलमग्न एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस समस्त जिलावासियों से अपील करती है कि भारी बारिश एवं जलभराव की स्थिति में उफान मार रहे नदियों, नालों, रपट्टों एवं पुल-पुलियों को पार करने का जोखिम न उठाएं। किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति या बाढ़ की सूचना तत्काल स्थानीय थाना या आपातकालीन नंबर 112 पर दें।

