मोबाइल चार्जर के करंट से युवक की मौत, मोबाइल केबल में अलग से तार जोड़कर जैसे ही स्वीच बोर्ड में चार्जर को लगाया, करंट का जोरदार लगा झटका…

सरगुजा। 02 सितंबर 2026| मोबाइल चार्ज करने के लिए किया गया एक खतरनाक जुगाड़ युवक की जान पर भारी पड़ गया। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डोई में चार्जर में अलग से तार जोड़कर बिजली बोर्ड में लगाने के दौरान युवक करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक रविन्द्र सिंह का चाचा ठाकुर सिंह सब्जी लेने अपने भतीजे के घर पहुंचा था। जब वह घर के अंदर पहुंचा तो देखा कि उसका भतीजा जमीन पर गिरा हुआ है और करंट से तड़प रहा है। युवक ने चिल्लाते हुए कहा- बिजली मार रहा है, तार को छुड़ाओ। ठाकुर सिंह ने तुरंत स्वीच बोर्ड से तार को निकाला। तब तक युवक बुरी तरह झुलस चुका था।
युवक ने मोबाइल चार्जर के तार में अतिरिक्त तार जोड़कर उसे सीधे बिजली के प्लग में लगा दिया था। चार्जिंग के दौरान अचानक दोनों हाथों की तर्जनी उंगलियां तार से चिपक गई और वह करंट की चपेट में आ गया।
घटना के बाद परिजन युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर लेकर पहुंचे। चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही उदयपुर पुलिस मौके पर पहुंची।

