CG Crime News: सस्ता सोना के लालच में गवाएं 25 लाख रुपये, सब्जी व्यवसायी को पुराने मकान मालिक ने लगाया चूना

सरगुजा। 06 जुलाई 2026| सस्ता सोना दिलाने का झांसा देकर सब्जी व्यापारी से 25 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। आरोपी ने अपनेआपको रांची पुलिस के चंगुल में फंसा बताकर लॉकअप की फोटो भेजी, फिर पुलिस, एसपी, वकील और कंपनी अधिकारी बनकर अलग-अलग नंबरों से फोन कर रुपये ऐंठता रहा। कोतवाली पुलिस ने आरोपी विकास सोनी के खिलाफ बीएनएस की धारा 308(2) और 318(4) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पढ़िए क्या है मामला?
बौरीपारा निवासी सब्जी व्यापारी शंकर प्रसाद गुप्ता, गुदरी बाजार में सब्जी का व्यवसाय करता है। आरोपी विकास सोनी निवासी चांदनी चौक बंगाली मैदान के घर में आठ-10 साल पहले किराए पर रहता था। पुरानी जान-पहचान का फायदा उठाकर फरवरी 2024 में विकास उनके पास आया और कहा कि अंबिकापुर की अनमिका नामक मैडम से सस्ता सोना दिलवा देगा। एक लाख रुपये देने पर उसने कहा कि मैडम रांची चली गई हैं, वहां से सोना लाना पड़ेगा।
शंकर ने रांची जाने के लिए छह हजार रुपये और दिए। रांची पहुंचते ही विकास ने फोन कर कहा कि पुलिस ने सोना लेकर आते समय पकड़ लिया है। उसने लॉकअप की फोटो भेजकर प्रताड़ित करने का हवाला दिया और तत्काल पैसे मांगे। शंकर पैसे का इंतजाम करता, इससे पहले ही आरोपी खुद अंबिकापुर लौट आया और तीन लाख रुपये लेकर दोबारा रांची चला गया। इसके बाद उसने मनगढ़ंत कहानी बनाकर सितंबर 2024 तक 15 से 16 लाख रुपये और ऐंठ लिए। हर बार कहता रहा कि 150 ग्राम सोना बहुत जल्द मिल जाएगा। अक्टूबर से दिसंबर 2024 के बीच आरोपी ने अलग-अलग बैंक खातों में 7,03,810 रुपये और डलवाए। पुलिस को दी रसीदों में इसका उल्लेख है।
शंकर को ठगी का अहसास होने पर उसने अपने रुपये वापस मांगा, विकास टालमटोल करने लगा। उसने अलग-अलग नंबरों से फोन कर खुद को कभी मैडम, कभी कंपनी अधिकारी, कभी एडवोकेट, कभी रांची एसपी और कभी दिल्ली ऑफिस का स्टाफ बताकर पुलिस केस से नाम हटवाने के नाम पर बैंक खाते में रुपये डलवाए। शंकर ने बताया कि जब भी वह पैसे मांगने आरोपी के घर जाता, उसकी पत्नी कहती कि “सोना नहीं मिला तो शादी में चढ़े सभी गहने दे दूंगी, हम घर छोड़कर नहीं भाग रहे। आरोपी और उसकी पत्नी ने धमकी दी कि रांची पुलिस के पास शंकर का नाम लिखवा दिया है, केस से नाम हटवाने के लिए पैसे दो।
पीड़ित ने बताया कि उसने स्वयं के साथ रिश्तेदारों और बाहरी लोगों से उधार लेकर 25 लाख रुपये दिए। अब आरोपी रकम लौटाने से इंकार कर रहा है।शिकायत पर कोतवाली अंबिकापुर में धारा 308(2), 318(4) बीएनएस के तहत आरोपी विकास सोनी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

