CG Crime News: जेल में कैदी की मौत, पिता ने लगाया गंभीर आरोप, कहा: पिटाई से हुई बेटे की मौत, अस्पताल में जमकर हंगामा

CG Crime News: जेल में कैदी की मौत, पिता ने लगाया गंभीर आरोप, कहा: पिटाई से हुई बेटे की मौत, अस्पताल में जमकर हंगामा

इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News

रायगढ़। 14 जून 2026| छत्तीसगढ़ रायगढ़ में अवैध शराब बेचने के मामले में जेल में बंद विचाराधीन कैदी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। शनिवार को अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल में परिजनों और जान पहचान वालों ने जमकर हंमामा मचाया, परिजनों ने आरोप लगाया है, पिटाई से मौत हुई है। परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, पुलिस ने शव को देखने भी नहीं दिया।

मृतक के पिता ने बताया, सामाजिक कार्यक्रम से पुलिस ने 2 लोगों को पकड़ा था। दूसरे युवक को 40 हजार लेकर छोड़ दिया, पैसे नहीं देने पर बेटे को पुलिस पकड़कर ले गई थी। पुलिस ने मृतक युवक के रिश्तेदारों के आरोप को गलत बताया है। परिजनों ने मामले की न्यायिक जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पढ़िए क्या है पूरा मामला ?

10 जून को कोतरारोड थाना क्षेत्र के नवापारा गांव निवासी संजय बघेल (28) को अवैध शराब बिक्री के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा था। शनिवार सुबह जेल में उसकी तबीयत खराब हो गई। जेल प्रशासन ने उसे रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान दोपहर में उसकी मौत हो गई, खबर मिलते ही रिश्तेदार और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। अचानक हुई मौत पर सवाल उठाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। रिश्तेदारों ने आरोप लगाया है, जेल में संजय बघेल के साथ मारपीट की गई थी, जिसके कारण उसकी मौत हुई। उनका यह भी कहना है कि घटना के कई घंटे बाद तक उन्हें शव देखने की अनुमति नहीं दी गई। अस्पताल में बनी तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। रिश्तेदारों और ग्रामीणों को समझाइश दी। अधिकारियों ने बताया कि मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव दिखाया जाएगा। अधिकारियों की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ।

पुलिस पर आरोप, शव को देखने नहीं दिया

सरपंच नंद कुमार बरेठ ने बताया कि 3 दिन पहले कोतरारोड पुलिस ने अवैध शराब के मामले में संजय बघेल को गिरफ्तार किया था। आज सूचना मिली कि उसकी मौत हो गई है। खबर मिलते ही ग्रामीण और रिश्तेदार अस्पताल पहुंचे, लेकिन काफी देर तक उन्हें शव देखने की अनुमति नहीं दी गई।

जेल अधीक्षक जीएस सोरी ने कहा, संजय बघेल को 10 जून को जेल में दाखिल किया गया था। 12 जून को उसकी तबीयत खराब होने पर जेल अस्पताल में उसका इलाज कराया गया था। स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर शनिवार सुबह उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसका परीक्षण कर दवाइयां दी थी।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *