CG Crime News: सराफा व्यवसायी की हत्या कर लूट ले गए सोना-चांदी, 6 दिन बाद पुलिस ने खोला अंधे कत्ल का राज, तीन आरोपी गिरफ्तार

CG Crime News: सराफा व्यवसायी की हत्या कर लूट ले गए सोना-चांदी, 6 दिन बाद पुलिस ने खोला अंधे कत्ल का राज, तीन आरोपी गिरफ्तार

CG Crime News: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही 02 जून 2026। कोटमीकला के साप्ताहिक हाट बाजार में दिनदहाड़े ज्वेलरी कारोबारी की गोली मारकर हत्या और लूट की वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया था। बाजार में मौजूद लोगों के सामने हुई इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस पर अपराधियों को पकड़ने का भारी दबाव था। आखिरकार छह दिन की लगातार जांच, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने इस अंधे कत्ल और लूटकांड का खुलासा कर दिया है।

पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है।

सोना-चांदी से भरा बैग लूटने के लिए रची गई थी साजिश

पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी खुशीराम साहू ने अपने भतीजे राजाराम साहू और बिहार-झारखंड के रहने वाले अपने परिचित राहुल के साथ मिलकर वारदात की पूरी साजिश रची थी।

आरोपियों ने पहले विभिन्न साप्ताहिक बाजारों में सोना-चांदी के कारोबारियों की गतिविधियों पर नजर रखी और आसान लक्ष्य की तलाश शुरू की। इसी दौरान उनकी नजर कोटमीकला साप्ताहिक बाजार में कारोबार करने वाले ज्वेलरी व्यापारी प्रदीप सोनी पर पड़ी।

तीन दिन पहले बनाई गई थी लूट की पूरी योजना

पुलिस के अनुसार 23 मई 2026 को आरोपी राहुल अपने साथियों संजय और राजू के साथ बिलासपुर जिले के बिटकुला गांव स्थित खुशीराम साहू के घर पहुंचा था। यहां सभी ने बैठकर लूट की विस्तृत योजना बनाई।

योजना के तहत 26 मई को आरोपी कोटमीकला चौकी क्षेत्र के देवरीखुर्द पहुंचे और स्थानीय सहयोगी गया प्रसाद रजक के घर ठहरे। दिनभर उन्होंने बाजार में ज्वेलरी कारोबारी की गतिविधियों पर नजर रखी और सही मौके का इंतजार करते रहे।

विरोध करने पर मार दी गोली

पुलिस जांच में सामने आया कि 26 मई की शाम करीब 7 बजे आरोपियों ने प्रदीप सोनी से सोना-चांदी से भरा बैग लूटने की कोशिश की। लेकिन जब व्यापारी ने विरोध किया तो आरोपी राहुल और उसके साथियों ने छीना-झपटी शुरू कर दी।

इसी दौरान आरोपियों ने अवैध हथियार से प्रदीप सोनी पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। पुलिस पेट्रोलिंग टीम ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

लूट का माल बांटा, सबूत जलाकर मिटाने की कोशिश

वारदात के बाद आरोपी सोना-चांदी से भरा बैग लेकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार आरोपी देवरीखुर्द स्थित गया प्रसाद रजक के घर पहुंचे, जहां लूटे गए आभूषणों का आपस में बंटवारा किया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने आभूषणों की पैकिंग सामग्री और अन्य सबूतों को पास की एक टेकरी में ले जाकर जला दिया, ताकि पुलिस तक कोई सुराग न पहुंच सके।

टेकरी में छिपाकर रखा था हथियार और लूट का माल

पुलिस पूछताछ में खुशीराम साहू और गया प्रसाद रजक ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल किया गया देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और लूटे गए आभूषणों का हिस्सा टेकरी में छिपाकर रखा गया था।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वहां से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, लूटे गए आभूषण और घटना में इस्तेमाल तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *