CG News: CM की सख्ती का असर: खनिज माफियाओं पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, ड्रोन के जरिए निगरानी, CG के इस जिले में IMTF तैनात

इमेज सोर्स- NPG News
रायपुर।19 मई 2026| मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सख्ती का असर पर छत्तीसगढ़ के जिलों में दिखाई देने लगा है। रायपुर जिले के आरंग के बाद बिलासपुर,जांजगीर-चांपा और रायगढ़ जिले में केंद्रीय उड़नदस्ता टीम के अलावा स्थानीय माइनिंग टीम ने ताबड़तोड़ कार्रवाई प्रारंभ की है। छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले में ILLEGAL MINING TASK FORCE” IMTF का गठन किया गया है।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन करने वालों पर बड़ी कार्रवाई की गई है। आधी रात मारे गए छापे में 3 चैन माउंटेन मशीन की जब्ती बनाई गई है, छापामार टीम को देखकर रेत खोदाई में लगे वाहन ऑपरेटर, वाहन को छोड़कर मौके से भाग खड़े हुए। बता दें, माफिया के गुर्गे, शिवनाथ नदी में चैन माउंटेन मशीनें उतारकर अवैध रूप से रेत की खुदाई कर रहे थे।
इस पर खनिज विभाग ने रविवार रात छापेमारी करते हुए तीन चैन माउंटेन मशीनें जब्त कीं। कार्रवाई के दौरान टीम को देखते ही ऑपरेटर मशीनें छोड़कर फरार हो गए। यह कार्रवाई पचपेड़ी क्षेत्र के शिवनाथ नदी स्थित उदईबंद और अमलडीहा घाट में की गई। केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता टीम ने रेत खदानों पर दबिश दी।
माफियाओं का दुस्साह, नदी में चैन माउंटेन उतारकर कर रहे थे रेत की खोदाई
रविवार देर रात टीम रेत खदान पर पहुंची, जहां नदी में मशीनें उतारकर अवैध रूप से रेत की खोदाई की जा रही थी। अधिकारियों ने मौके पर मशीनों से अवैध उत्खनन होते पाया। इस दौरान तीन चैन माउंटेन मशीनों के जरिए रेत का उत्खनन किया जा रहा था। टीम को देखकर मशीन ऑपरेटर मशीनें छोड़कर भाग खड़े हुए।
खनिज विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत उदईबंध में दो और अमलडीहा में एक मशीन जब्त कर सील कर दी। साथ ही मशीन मालिकों को जवाब पेश करने के लिए नोटिस जारी किया गया है।
बेलगहना-कोनचरा क्षेत्र में भी खनन
कोनचरा, सोढ़ाखुर्द और करहीकछार क्षेत्र में भी बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन जारी है। चैन माउंटेन मशीनों का उपयोग कर नदी से रेत निकाली जा रही है। रात के समय भारी मशीनों से रेत निकालकर लगातार परिवहन किया जा रहा है, जिससे शासन को राजस्व का नुकसान हो रहा है।
जांजगीर जिले में बनी “ILLEGAL MINING TASK FORCE” (IMTF)
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में रेत माफियाओं पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाने के लिए ILLEGAL MINING TASK FORCE का गठन किया गया है। पहले दिन राजस्व,खनिज व पुलिस की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई की। संयुक्त टीम ने केवा घाट एवं शिवरीनारण क्षेत्र में दबिश दी। इस दौरान रेत का परिवहन करते 4 हाइवा एवं 03 ट्रैक्टर को पकड़ा गया। रेत सहित वाहनों की जब्ती बनाई गई। ऐसे लाेगों के खिलाफ पुलिस एफआईआर करेगी।
ड्रोन के जरिए नदी, रेत घाटों पर की निगरानी
जांजगीर जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, IPS के निर्देशन में जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण एवं सख्त अंकुश लगाने के उद्देश्य से “Illegal Mining Task Force” का गठन किया गया है। इस विशेष टास्क फोर्स के पर्यवेक्षण अधिकारी उमेश कुमार कश्यप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा होंगे। जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा अवैध रूप से रेत उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन करने वालों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर कठोर वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। गठित टास्क फोर्स द्वारा जिले के संवेदनशील नदी घाटों, प्रमुख मार्गों एवं चिन्हित क्षेत्रों में नियमित निगरानी, पेट्रोलिंग एवं सघन जांच अभियान संचालित किया जाएगा।
रेत के अवैध उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन करने वालों गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध खनिज अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जायेगी तथा ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राजस्व, खनिज पुलिस विभाग के संयुक्त समन्वय से यह विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा।
जांजगीर पुलिस ने जारी किया मोबाइल नंबर
रेत के अवैध उत्खनन व परिवहन पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाने के लिए जांजगीर पुलिस ने मोबाइल नंबर जारी किया है। जांजगीर चांपा पुलिस ने आमजन से अपील की है, अवैध रेत उत्खनन अथवा परिवहन संबंधी किसी भी जानकारी को तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष जांजगीर का मोबाइल नंबर 94791-93199 में सूचित कर सकते हैं। ताकि टीम द्वारा तत्काल उचित कार्रवाई की जाएगी।

