CG News: 20 मई को दवा विक्रेता हड़ताल: छत्तीसगढ़ में इन जगहों पर मिलेंगी जरूरी दवाएं

CG News: 20 मई को दवा विक्रेता हड़ताल: छत्तीसगढ़ में इन जगहों पर मिलेंगी जरूरी दवाएं

इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News

रायपुर।17 मई 2026| 20 मई को दवा विक्रेताओं के देशव्यापी हड़ताल को देखते खाद्य और औषधि प्रशासन ने वैकल्पिक इंतज़ाम किए हैं। इन जगहों पर दवाइयां मिलेंगी। ऑनलाइन औषधियों की बिक्री के विरोध स्वरूप विभिन्न केमिस्ट संगठनों द्वारा 20 मई 2026 को राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया गया है। उक्त परिस्थिति को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ द्वारा राज्य में आम नागरिकों को आवश्यक औषधियों एवं स्वास्थ्य सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

प्रशासन द्वारा समस्त जिलों में अधिकारियों को आवश्यक जीवनरक्षक औषधियों, आपातकालीन स्वास्थ्य उत्पादों एवं चिकित्सकीय सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। शासकीय जनऔषधि केन्द्रों (PMBJAK), धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स, शासकीय चिकित्सालयों, नर्सिंग होम्स एवं अन्य औषधि वितरण केन्द्रों के माध्यम से आवश्यक दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आमजन एवं मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा छत्तीसगढ़ केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन को भी पत्र प्रेषित कर निर्देशित किया गया है कि प्रस्तावित विरोध कार्यक्रम के दौरान जनहित, रोगी सेवा एवं आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक दवाओं एवं स्वास्थ्य उत्पादों की उपलब्धता बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।

आमजन से अपील की जाती है कि वे घबराहट अथवा अनावश्यक दवाओं का संग्रहण न करें। जिन मरीजों को नियमित दवाओं की आवश्यकता होती है, वे चिकित्सकीय परामर्श अनुसार आवश्यक दवाएं पूर्व में प्राप्त कर सुरक्षित रखें। आपातकालीन स्थिति में शासकीय अस्पतालों, जनऔषधि केन्द्रों, धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स, एवं अन्य उपलब्ध औषधि केन्द्रों से दवाएं प्राप्त की जा सकती हैं। राज्य शासन द्वारा जनस्वास्थ्य एवं रोगी हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं तथा स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *