CG: Sushasan Tihar: सड़कों के काम को लेकर CM विष्णुदेव ने NH के अफसरों को लगाई फटकार, कलेक्टरों से कहा…

CG: Sushasan Tihar: सड़कों के काम को लेकर CM विष्णुदेव ने NH के अफसरों को लगाई फटकार, कलेक्टरों से कहा…

CG Sushasan Tihar: सरगुजा। सुशासन तिहार के तीसरे दिन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आला अधिकारियों के साथ औचक निरीक्षण पर पहुंचे। हेलीकॉप्टर सरगुजा संभाग की ओर उड़ा। जशपुर के ग्रामीण इलाकों में चौपाल लगाने और सरकारी योजनाओे का जायजा लेने के बाद अंबिकापुर जिले की ओर रुख किया। हेलीकाॅप्टर से सीधे अंबिकापुर जिले के ग्राम पंचायत सिलमा में उतरे व ग्रामीणों के बीच बरगद की पेड़ तले चौपाल लगाई। ग्रामीणों से योजनाओं का हाल जाना और वहां से उनका हेलीकॉप्टर बलरामपुर के लिए उड़ान भरा। सीएम के साथ प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह व जनसंपर्क आयुक्त रजत बसंल की मौजूदगी रही।

बारिश ने किया तिहार का स्वागत

जैसे ही उनका हेलीकॉप्टर सिलमा से बलरामपुर के लिए उड़ान भरा, बलरामपुर में मौसम ने अंगड़ाई लेना शुरू किया। मौसम बदला और फिर तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। जनसमस्या निवारण शिविर में मौजूदा ग्रामीणों से लेकर अधिकारियों व सरकारी महकमे ने राहत की सांस ली। ग्रामीण व अफसर यह कहते भी सुने गए, मौसम ने सुशासन तिहार का अपने खास अंदाज में सुशासन तिहार और सीएम की अगुवानी की। बलरामपुर का मौसम सुहाना हो गया, बारिश और तेज हवा के चलते मौसम में नरमी आई और लोगों ने ठंडक महसूस किया।

संभाग के कलेक्टर्स,एसपी,आईजी व कमिश्नर ने किया सीएम का वेलकम

बलरामपुर में सीएम साय का संभाग के आला अधिकारियों ने वेलकम किया। औपचारिक स्वागत सत्कार के बाद सीएम ने संभागीय मीटिंग लेना शुरू किया। केंद्र व राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन से मीटिंग की शुरुआत की। एक-एक योजनाओं के बारे में अधिकारियों से वन-टू-वन चर्चा की। फ्लैगशीप योजनाओें के बारे में पूछा।

सड़कों की हालत पर एनएच के अफसरों को लगाई फटकार

सीएम साय सरगुजा संभाग से आते हैं, संभाग की सड़कों से लेकर तमाम योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर वे सीधे जुड़े हुए हैं। सड़कों की हालत किसी से छिपी हुई नहीं है। केंद्र व राज्य सरकार द्वारा बजट स्वीकृति के बाद भी तय समय पर सड़कें नहीं बन पा रही है। इसे लेकर सीएम साय ने एनएच के अफसरों को जमकर फटकार लगाई। तय समय सीमा पर सड़कों को बनाने का निर्देश दिया। सीएम ने साफतौर पर कहा, सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता का खास ध्यान रखना होगा। कलेक्टर्स को एनएच के अफसरों के साथ समन्वय बनाकर कार्य को पूरा करने का निर्देश दिया। सीएम के कड़े तेवर देखकर मीटिंग के समय अफसर सहमे-सहमे नजर आए।

निर्माणाधीन नालंदा परिसर का मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण

बलरामपुर जिला मुख्यालय में 4 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन नालंदा परिसर का सीएम साय ने निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, क्योंकि यह परिसर जिले के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री साय ने परिसर में उपयोग की जा रही निर्माण सामग्री, कार्य की प्रगति तथा प्रस्तावित सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को आगाह किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और गुणवत्ता के सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी प्रभावी ढंग से कर सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा, नालंदा परिसर में आधुनिक ई-लाइब्रेरी, प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें, समृद्ध अध्ययन सामग्री एवं पत्र-पत्रिकाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे युवाओं को एक समग्र और अनुकूल अध्ययन वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने निर्देशित किया कि कार्य में तेजी लाते हुए परिसर को शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि जिले के विद्यार्थियों को इसका लाभ जल्द से जल्द मिल सके। निरीक्षण के दौरान परिसर में प्रस्तावित अन्य सुविधाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए और कहा कि नालंदा परिसर राज्य सरकार की उस प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिसके तहत युवाओं को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह परिसर जिले के विद्यार्थियों के लिए ज्ञान और अवसर का एक सशक्त केंद्र बनेगा तथा उनके भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *