Khudiya Dam Water Level: मुंगेली में भारी बारिश का अलर्ट! कलेक्टर ने बुलाई इमरजेंसी मीटिंग, नदी-नालों के पास जाने पर लगी रोक, जानें क्या हैं तैयारियां

Khudiya Dam Water Level: मुंगेली में भारी बारिश का अलर्ट! कलेक्टर ने बुलाई इमरजेंसी मीटिंग, नदी-नालों के पास जाने पर लगी रोक, जानें क्या हैं तैयारियां

मुंगेली, 18 जुलाई 2026: भारतीय मौसम विभाग द्वारा जिले में भारी वर्षा की चेतावनी जारी किए जाने के मद्देनजर कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने शनिवार को अधिकारियों की आपात बैठक लेकर संभावित बाढ़ आपदा से निपटने की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सभी विभागों को पूर्व तैयारी, त्वरित समन्वय और प्रभावी कार्ययोजना के साथ सतर्क रहने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने विशेष रूप से अचानकमार क्षेत्र तथा अन्य पहुंच-विहीन इलाकों में राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए कहा कि संभावित आपदा की स्थिति में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अनुविभाग एवं जिला स्तर पर 24×7 कंट्रोल रूम स्थापित करने, स्वास्थ्य विभाग में मेडिकल टीमों की तैनाती तथा राहत शिविरों को सभी आवश्यक सुविधाओं के साथ तैयार रखने के निर्देश दिए। बैठक में बांधों एवं जलाशयों के डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

 कलेक्टर ने कहा कि खुड़िया सहित सभी प्रमुख जलाशयों में जलस्तर की लगातार निगरानी के लिए चौबीसों घंटे टीम तैनात की जाए तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जलभराव एवं संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का पूर्व सर्वेक्षण कर सुरक्षित स्थानों पर लोगों को शिफ्ट करने की कार्ययोजना पहले से तैयार रखें। राहत शिविरों में स्वच्छ पेयजल, खाद्यान्न, दवाइयों तथा अन्य आवश्यक सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने कहा कि लगातार बारिश के दौरान नदी-नालों, पुल-पुलियों को पार करना अत्यंत जोखिमपूर्ण हो सकता है। ऐसे सभी संवेदनशील स्थानों पर शून्य पारगम्यता के साइन बोर्ड लगाए जाएं तथा आवश्यकता पड़ने पर आमजन के आवागमन पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि को रोका जा सके। बैठक में एस.एस.पी. ने सूचना प्रबंधन को मजबूत करने, एवं बाढ़ आपदा की स्थिति में सूचनाओं की त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने प्रभावी कार्य योजना बनाने की बात कही।

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों से कहा कि संभावित बाढ़ की स्थिति में संवेदनशीलता, त्वरित निर्णय क्षमता और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रशासन का लक्ष्य केवल आपदा का सामना करना नहीं, बल्कि समय रहते प्रभावी तैयारी कर जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। बैठक में एडीएम श्रीमती निष्ठा पांडेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल राम रावटे, अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव, एसडीएम मुंगेली श्री अजय शतरंज, डिप्टी कलेक्टर श्री मायानंद चंद्रा सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे तथा संबंधित अधिकारी वीसी के माध्यम से भी शामिल हुए।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *