Exclusive वीडियोः वीआईपी धौंस या गुंडागर्दी…! वीडियो में देखिए मंत्री की गाड़ी पर गिरा टोल बूम, तो स्टॉफ ने टोलकर्मी को जड़ दिए थप्पड़

अंबिकापुर। अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर स्थित लहपटरा टोल प्लाजा उस समय अखाड़ा बन गया, जब प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के काफिले की एक गाड़ी पर अचानक सुरक्षा बूम बैरियर आ गिरा। इस घटना से गुस्साए मंत्री के सुरक्षा गार्ड्स और वाहनों में सवार सहयोगियों का पारा चढ़ गया। वे फौरन अपनी गाड़ियों से बाहर निकले और सीधे टोल कंट्रोल रूम के भीतर जा धमके। वहां तैनात कर्मचारी को दबोचकर उसकी जमकर पिटाई कर दी गई। कर्मचारी गिड़गिड़ाते हुए बार-बार हाथ जोड़ता रहा, मगर वीआईपी दस्ते के लोगों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा था।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई दबंगई, थाने पहुंचा पीड़ित कर्मचारी
कंट्रोल रूम के अंदर घटित इस पूरी हिंसक वारदात की तस्वीरें वहां स्थापित सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए इस वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि किस तरह सुरक्षा दस्ते के सदस्य असहाय कर्मचारी पर अंधाधुंध हाथ चला रहे हैं। वाकये के तुरंत बाद पीड़ित कर्मचारी अपने सहकर्मियों व नजदीकी लहपटरा गांव के लोगों के साथ लखनपुर पुलिस स्टेशन पहुंचा और नामजद आवेदन देकर सख्त एक्शन की फरियाद की। ग्रामीण भी पीड़ित के समर्थन में लामबंद हो गए थे, हालांकि ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक पीड़ित खुद ही मामले को रफा-दफा करने और अर्जी वापस लेने थाने पहुंच गया है, जिसकी पुष्टि पुलिस अधिकारियों ने भी कर दी है।
यहां देखिए वीडियो
मंत्री की मौजूदगी पर असमंजस
पूरा घटनाक्रम सीधे तौर पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के सुरक्षा काफिले से संबंधित है। हालांकि, घटना के वक्त मंत्री की मुख्य गाड़ी मौके पर मौजूद थी या आगे निकल चुकी थी, इसको लेकर स्थिति पूरी तरह साफ नहीं हो सकी है। एक दावे के अनुसार बैरियर जिस वाहन पर गिरा वह स्वयं मंत्री की थी, लेकिन वे उसमें सवार नहीं थीं, जबकि दूसरी चर्चा यह है कि बैरियर पीछे चल रही स्कॉर्ट गाड़ी पर गिरा और मंत्री का वाहन आगे निकल चुका था। बहरहाल, बैरियर गिरते ही मुस्तैद जवानों ने इसे वीआईपी सिक्योरिटी में भारी कोताही माना और वे भड़क उठे। इस समूचे मामले में खुद मंत्री की प्रत्यक्ष संलिप्तता नहीं मिली है; यह हरकत उनके सुरक्षाकर्मियों, निजी सहायकों और काफिले में मौजूद लोगों द्वारा अंजाम दी गई है।
पिटाई के बाद आक्रोश
स्थानीय निवासी कर्मचारी के साथ हुई इस बदसलूकी से लहपटरा के ग्रामीणों और टोल कर्मचारियों में जबरदस्त गुस्सा देखने को मिल रहा है। लखनपुर थाना प्रभारी के अनुसार, पीड़ित की ओर से शुरुआती शिकायत पत्र मिला था, जिसे अब वापस लेने की प्रक्रिया चल रही है। इससे पहले, घटना के तुरंत बाद पीड़ित युवक गांव के आक्रोशित लोगों व कर्मचारियों को साथ लेकर पुलिस की शरण में गया था, जहां उसने मारपीट में शामिल अज्ञात जवानों और काफिले के सदस्यों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई के लिए लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

