CG news: बीच सड़क पर जाम छलका रहे थे शिक्षा विभाग के कर्मचारी, वीडियो वायरल होते ही कलेक्टर ने बिठा दी जांच

कांकेर: स्कूल शिक्षा विभाग का काम बच्चों को बेहतर भविष्य देना होता है। लेकिन जब इसी विभाग के कर्मचारी बीच सड़क पर शराब की महफिल सजा लें तो बवाल मचना तय है। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से एक ऐसा ही शर्मनाक वीडियो वायरल था। 25 अगस्त को सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो में शिक्षा विभाग के कुछ कर्मचारी सार्वजनिक स्थान पर बेखौफ होकर शराब पीते नजर आ रहे हैं। इस घटना ने पूरे महकमे पर सवाल खड़े कर दिए थे। वीडियो सामने आते ही कांकेर कलेक्टर कुंदन कुमार (IAS Kundan Kumar) ने सख्त एक्शन लेते हुए जांच के लिए तीन सदस्यीय स्पेशल कमेटी बना दी है।
बीच सड़क पर सजी शराब की महफिल, शिक्षा विभाग के कर्मचारियों का वीडियो हुआ था वायरल
वायरल वीडियो भानुप्रतापपुर ब्लॉक का था। 25 अगस्त को यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर शेयर किया गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता था कि कैसे सरकारी महकमे से जुड़े ये कर्मचारी खुलेआम एक सार्वजनिक जगह पर बैठकर शराब का सेवन कर रहे हैं।
कलेक्टर कुंदन कुमार का हंटर, जांच के लिए बनाई 3 सदस्यीय स्पेशल कमेटी
मामले की गंभीरता और शिक्षा विभाग की बिगड़ती छवि को देखते हुए कांकेर कलेक्टर कुंदन कुमार तुरंत एक्शन मोड में आ गए। उन्होंने इस पूरी घटना को सिविल सेवा नियमों का खुला उल्लंघन माना और फौरन एक तीन सदस्यीय उच्च स्तरीय जांच समिति गठित कर दी।
इस स्पेशल कमेटी में तीन बड़े अधिकारियों को शामिल किया गया है:
- अनुविभागीय दंडाधिकारी (SDM – राजस्व), भानुप्रतापपुर
- जिला शिक्षा अधिकारी (DEO), कांकेर
- खंड शिक्षा अधिकारी (BEO), भानुप्रतापपुर
7 दिन में देनी होगी रिपोर्ट, अब नौकरी पर मंडराया सस्पेंशन का खतरा
कलेक्टर ने जांच कमेटी को सख्त निर्देश दिए हैं कि इस पूरे मामले की तहकीकात कर 7 दिन के भीतर एक संयुक्त रिपोर्ट पेश की जाए। यह रिपोर्ट मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO), जिला पंचायत कांकेर के माध्यम से सीधे कलेक्टर की टेबल पर जाएगी।
कलेक्टर कुंदन कुमार ने कहा है कि किसी भी शासकीय सेवक द्वारा ‘छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम’ का उल्लंघन बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
FAQ
सवाल 1: कांकेर में किस विभाग के कर्मचारियों का शराब piiteवीडियो वायरल हुआ है?
जवाब: कांकेर के भानुप्रतापपुर इलाके में स्कूल शिक्षा विभाग के कर्मचारियों का सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते हुए वीडियो वायरल हुआ है।
सवाल 2: वायरल वीडियो पर कांकेर कलेक्टर ने क्या एक्शन लिया है?
जवाब: कलेक्टर कुंदन कुमार ने घटना की जांच के लिए भानुप्रतापपुर एसडीएम, कांकेर डीईओ और बीईओ की 3 सदस्यीय जांच समिति गठित की है।
सवाल 3: जांच कमेटी को रिपोर्ट सौंपने के लिए कितना समय दिया गया है?
जवाब: जांच समिति को पूरे मामले की पड़ताल कर 7 दिन के भीतर जिला पंचायत सीईओ के माध्यम से अपनी रिपोर्ट सौंपने का अल्टीमेटम दिया गया है।

