CG Mansoon Session 2026: MLA ने मंत्री से कहा: महतारी वंदन का पोर्टल कब से खुल रहा है, ये बता दीजिए, आप जो बताएँगी हम क्षेत्र में वही जानकारी देंगे…

CG Mansoon Session 2026: रायपुर। महतारी वंदन योजना को लेकर अब सत्ताधारी दल के विधायक दबाव महसूस करने लगे हैं। विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क के दौरान महिलाओं के सवालों का जवाब देते नहीं बन रहा है। प्रश्नकाल के दौरान कुछ इसी तरह का वाकया सामने आया। विधायक धर्मजीत सिंह ने मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े से पूछा, बस इतना बता दें, योजना का लाभ के लिए सरकार पोटर्ल कब खोल रही है। विधायक फिर बोले और कहा, आप सदन में जो कुछ बताएंगी उसी बात को हम क्षेत्र में जाकर दोहराएंगे।
विधायक ने महतारी वंदन योजना के दूसरे पार्ट की शुरुआत को लेकर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े से पूछा, नई हितग्राहियों के अलावा योजना के शुरुआती दौर में जिन्होंने आवेदन फार्म जमा नहीं किया था,ऐसी महिलाओं के लिए पोर्टल कब से खोला जाएगा। विधायक ने कहा, आप जो कुछ जानकारी देंगी, उसी जानकारी को हम क्षेत्र में जाकर बताएंगे। इसका कारण भी उन्हाेंने बताया और खुलासा किया, जनसंपर्क या फिर कार्यक्रमों के दौरान क्षेत्र के दौरे के वक्त महिलाएं, माताएं पूछती हैं, सरकार पोर्टल कब खोल रही है, उनको योजना का लाभ मिलेगा या नहीं।
दबाव महसूस कर रहे विधायक
विधायक धर्मजीत सिंह के सदन में खुलासे से यह साफ हो गया है, सत्ताधारी दल के विधायक राज्य सरकार की अति महत्वाकांक्षी योजना, जिसके दम पर कांग्रेस को सत्ता से बाहर होना पड़ा, योजना के दूसरे भाग की शुरुआत ना होने के कारण दबाव महसूस करने लगे हैं। क्षेत्र में कार्यकर्ताओं से लेकर महिलाओं के बीच अब एक ही सवाल उठ रहा है। यह सवाल ऐसा है, विधायकों को जवाब देते नहीं बन रहा है।
सदन में माकूल जवाब खोजते रहे विधायक
विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के सीधे सवाल के बीच विधायकों का दबाव बढ़ने लगा है, इसी दबाव की झलक सदन में दिखाई दिया। विधायक धर्मजीत सिंह ने साफ कहा, हमारे पास जवाब नहीं है, मंत्री से कहा, आज जो कुछ सदन में बताएंगी वहीं क्षेत्रवासियों के बीच हमारा जवाब होगा।
विधायक धर्मजीत सिंह ने पूछे ये सवाल: प्रदेश अंतर्गत जून, 2026 तक महतारी वंदन योजना अंतर्गत कुल कितनी महिलाओं का पंजीयन किया गया है? कंडिका “क” की पंजीकृत कितनी महिलाओं को नियमित रूप से योजना का लाभ मिल रहा है और कितनी महिलायें लाभ से वंचित हैं? लाभ से वंचित महिलाओं को योजना का लाभ कब तक दिया जायेगा ? क्या कंडिका “क” योजनांतर्गत प्रदेश की बहुत सारी महिलाओं को लाभ नहीं मिल रहा है ? यदि हां, तो कब तक उनको पंजीकृत किया जाएगा? यदि नहीं तो कारण सहित बताएं ?
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का लिखित जवाब: प्रदेश अंतर्गत प्रारंभ से जून 2026 तक महतारी वंदन योजना अंतर्गत कुल पात्र 7017428 हितग्राहियों का पंजीयन किया गया है।
(ख) कंडिका “क” की पंजीकृत महिलाओं में से जून 2026 की स्थिति में 6854003 महिलाओं को लाभ दिया गया है तथा 35930 हितग्राहियों को विभिन्न कारणों से जैसे लंबित ई-केवायसी, वांछित दस्तावेज, स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र प्रस्तुत न करना आदि कारणों से वर्तमान में लाभ नहीं दिया गया है, इन कारणों के निराकरण के उपरांत उन्हें लाभदिया जाएगा।
(ग) कंडिका “क” योजना अंतर्गत निर्धारित तिथि तक आवेदन न करने वाली तथा बाद में पात्र होने वाली महिलाओं के लाभ से वंचित होने की संभावना है। नए आवेदन लिए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ करने पर तथा पात्रता होने पर लाभान्वित किया जा सकेगा। निश्चित तिथि बताया जाना अभी संभव नहीं है।

