CG दिनदहाड़े युवती को बाइक पर जबरन उठा ले गया, फिर अश्लील हरकत और मारपीट, एक गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में दिनदहाड़े युवती का अपहरण और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने घटना को तत्काल संज्ञान लेते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, इस मामले में मुख्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। साथ ही घटना में शामिल मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है।
जानिए पूरी घटना
थाना मगरलोड क्षेत्र के ग्राम सेन्हाभाठा निवासी प्रार्थिया ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 23 नवम्बर की सुबह वह अपने होटल में सामान छोड़कर स्कूटी से घर वापस लौट रही थी। इसी दौरान मेघा क्रिकेट मैदान के पास आरोपी व उसके साथी पुष्पेन्द्र यादव ने अपनी मोटरसाइकिल (प्लेटिना) से उसका पीछा किया और ग्राम सेन्हाभाठा प्राथमिक शाला के पास जबरन स्कूटी के सामने बाइक अड़ाकर रास्ता रोक लिया।
अश्लील हरकत व बदसलूकी
मुख्य आरोपी ने युवती के साथ अश्लील हरकत व बदसलूकी करते हुए उसे जबरन उठाकर मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। युवती द्वारा विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी ने उसका मुंह दबाया और दांत से गाल पर काटकर घायल कर दिया। आरोपियों ने युवती को जान से मारने की धमकी देते हुए ग्राम परसवानी, भोथीडीह व राजिम के रास्ते बोरसी पुरैना मोड़ की ओर ले जाने का प्रयास किया। बोरसी पुरैना मोड़ के पास युवती के परिजन (फूफा कैलाश साहू) व ग्रामीणों की मदद से घेराबंदी किए जाने पर मुख्य आरोपी मनमोहन साहू बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
एक आरोपी की गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मगरलोड में धारा 296, 115(2), 351(3), 74, 140(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जाँच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर गवाहों के बयान दर्ज किए और संदेही आरोपी पुष्पेन्द्र यादव (पिता रेवन यादव, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम गिरौद, थाना मगरलोड) को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। मेमोरेंडम कथन में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की, जिसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 PR 3899 को विधिवत जब्त किया गया।
पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी पुष्पेन्द्र यादव को आज आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे 7 दिसंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। फरार मुख्य आरोपी मनमोहन साहू की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी
नाम: पुष्पेन्द्र यादव, पिता रेवन यादव (उम्र 20 वर्ष)
निवासी: ग्राम गिरौद, थाना मगरलोड, जिला धमतरी (छ.ग.)
मोटरसाइकिल (प्लेटिना) क्रमांक CG 04 PR 3899

